– हनुमानगढ़ जिले की हर विधानसभा, मंडल और बूथ स्तर पर होंगे कार्यक्रम
हनुमानगढ़। वीर बाल दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्यव्यापी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में हनुमानगढ़ जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र, प्रत्येक मंडल तथा बूथ स्तर तक विविध आयोजन किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सिख इतिहास के गौरवशाली बलिदान को स्मरण करते हुए युवाओं और समाज को साहिबजादों की अद्भुत वीरता, त्याग और धर्मनिष्ठा से परिचित कराया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू एवं वीर बाल दिवस कार्यक्रम के जिला संयोजक जसप्रीत सिंह ‘जेपी’ ने मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 जनवरी 2022 को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती (प्रकाश पर्व) के अवसर पर 26 दिसंबर को पूरे देश में ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की थी। यह दिवस सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की अद्वितीय शहादत को समर्पित है।
उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर 1704 का वह ऐतिहासिक दिन था, जब सिख इतिहास की सबसे बड़ी कुर्बानियों में से एक दी गई। खालसा पंथ की स्थापना के बाद सरहिंद के सूबेदार वजीर खान द्वारा आनंदपुर साहिब के किले पर हमला किया गया। लंबे घेरे और परिस्थितियों के चलते गुरु गोबिंद सिंह जी ने 20-21 दिसंबर 1704 को परिवार सहित किला छोड़ा, किंतु सरसा नदी के उफनते प्रवाह के कारण माता गुजरी जी और दो छोटे साहिबजादे गुरु साहिब से बिछुड़ गए। बाद में विश्वासघात के चलते उन्हें गिरफ्तार कर ठंडे बुर्ज में रखा गया और धर्म परिवर्तन के दबाव के बावजूद साहिबजादों ने अकालपुरख के सिवाय किसी के आगे झुकने से इनकार कर दिया। अंततः उन्हें जीवित दीवारों में चिनवा दिया गया, परंतु उन्होंने धर्म और सत्य से समझौता नहीं किया।
जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि साहिबजादों का बलिदान केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। यह दिवस देश की नई पीढ़ी को साहस, धर्मनिष्ठा, राष्ट्रभक्ति और आत्मसम्मान का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य इस गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम जिला संयोजक जसप्रीत सिंह जेपी ने बताया कि वीर बाल दिवस के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक मंडल पर विशेष सभाओं का आयोजन होगा, जिनमें साहिबजादों के बलिदान की कथा युवाओं को बताई जाएगी। स्थानीय गुरुद्वारों में शब्द कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जबकि जिलों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं, जिला स्तरीय बौद्धिक संगोष्ठियां तथा स्कूल-कॉलेजों में विचार गोष्ठी और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल ने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अपील की कि वे इन आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें और वीर बालकों के अदम्य साहस व बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। इस मौके परजिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी, जिला महामंत्री प्रदीप एरी, जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल, वीर बाल दिवस आयोजन समिति के जिला सयोजक जसप्रीत सिंह जेपी, सह संयोजक जगतार सिंह बराड़, दर्शन सिंह गिल, कार्यालय प्रभारी गुरविंदर सिंह मान उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































