ब्रह्माकुमारीज़ की 18वीं पुण्यतिथि पर रक्तदान महादान शिविर

153

– विश्व बंधुत्व दिवस पर बना रहे हैं विश्व रिकॉर्ड
हनुमानगढ़। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 18वीं पुण्यतिथि पर 25 अगस्त को विश्व बंधुत्व दिवस के उपलक्ष्य में देशभर के ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्रों पर रक्तदान महादान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस विशेष अवसर पर संस्थान विश्व रिकॉर्ड बनाने की दिशा में अग्रसर है। हजारों लोग एकजुट होकर निःस्वार्थ भाव से रक्तदान कर समाज को नई दिशा देने का संकल्प ले रहे हैं।
इसी कड़ी में ब्रह्माकुमारी पाठशाला, हाउसिंग बोर्ड की ओर से 24 और 25 अगस्त, 2025 को सहारण हॉस्पिटल के सहारण ब्लड बैंक में रक्तदान महादान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक रखा गया, जिसमें ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्यों के साथ-साथ आमजन ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदान करने पहुंचे लोगों ने कहा कि यह अवसर न केवल पुण्यतिथि का स्मरण है बल्कि सेवा, त्याग और भाईचारे की भावना को आगे बढ़ाने का प्रेरक क्षण भी है।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी पाठशाला, हाउसिंग बोर्ड की इंचार्ज बी.के. खुशबू बहन उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि दादी प्रकाशमणि जी का जीवन समाज सेवा और मानवता को समर्पित रहा। उनके द्वारा दिए गए संस्कार और आदर्श ही आज हमें सेवा-पथ पर अग्रसर कर रहे हैं। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि यह किसी का जीवन बचाने का श्रेष्ठतम कार्य है, और यही सच्चे अर्थों में विश्व बंधुत्व की स्थापना है।
सहारण अस्पताल के प्रमुख डॉ. प्रदीप सहारण जी ने भी शिविर में भाग लेकर सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बताया कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिलता है और स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करने से शारीरिक स्वास्थ्य भी सुदृढ़ होता है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था की इस पहल को समाज हितैषी कदम बताते हुए प्रशंसा की।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।