-20 मार्च से हड़ताल की चेतावनी, जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। जिले के विभिन्न ईंट भट्टों पर कार्यरत मजदूरों ने मजदूरी दर तय करने के लिए त्रिपक्षीय वार्ता नहीं करवाए जाने पर नाराजगी जताई है। इस संबंध में राजस्थान अम्बेडकर ईंट भट्टा मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष रविन्द्र बावरी के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर श्रम विभाग को शीघ्र वार्ता करवाने के निर्देश देने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि जिले के तमाम ईंट भट्टों पर राजस्थान अम्बेडकर ईंट भट्टा मजदूर यूनियन से जुड़े मजदूर कार्यरत हैं। हर वर्ष मजदूरों की मजदूरी दर तय करने के लिए यूनियन की ओर से श्रम विभाग को मांग पत्र दिया जाता है, जिसके बाद श्रम विभाग, ईंट भट्टा मालिक एसोसिएशन और मजदूर यूनियन के बीच त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित कर मजदूरी दर तय की जाती है।
यूनियन के जिलाध्यक्ष रविंदर बावरी के अनुसार इस वर्ष भी मजदूरी दर तय करने के लिए 13 फरवरी 2026 को श्रम विभाग हनुमानगढ़ को मांग पत्र दिया गया था। लेकिन अब तक श्रम विभाग की ओर से इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही मजदूर यूनियन व ईंट भट्टा मालिकों के साथ कोई वार्ता आयोजित की गई है। इससे मजदूरों में भारी रोष व्याप्त है और वे खुद को असमंजस की स्थिति में महसूस कर रहे हैं।
यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि मजदूरी दर तय नहीं होने से हजारों मजदूरों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है। मजदूरों को यह भी चिंता है कि बिना तय मजदूरी दर के काम करना उनके हित में नहीं है। इसलिए यूनियन द्वारा प्रशासन से जल्द से जल्द वार्ता आयोजित करवाकर मजदूरी दर तय करने की मांग की गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































