*- प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिखी भाजपा की लहर, जिला व मंडल पदाधिकारियों ने जीत को सुशासन की विजय बताया*
हनुमानगढ़। बिहार में एनडीए गठबंधन को मिली भारी जीत से उत्साहित भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल हनुमानगढ़ जंक्शन ने शनिवार को भगत सिंह चौक पर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और जोश का माहौल देखा गया। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांधकर अपनी खुशी का इजहार किया। भाजपा कार्यकर्ता बिहार के चुनाव परिणामों को देश में सुशासन और विकास की राजनीति की विजय के रूप में देख रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और बिहार के नतीजे इसका स्पष्ट प्रमाण हैं। तंवर ने कहा कि बिहार की जनता ने एनडीए सरकार की नीतियों, विकास कार्यों और पारदर्शी शासन पर अपना भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि यह जीत राष्ट्रवादी विचारधारा की विजय है और आने वाले समय में भाजपा और भी मजबूती के साथ देशभर में कार्य करेगी।
पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र पारीक ने कहा कि बिहार की जनता अब कांग्रेस के खोखले वादों और भ्रम फैलाने वाली राजनीति को भलीभांति समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का उद्देश्य केवल समाज में वर्ग संघर्ष पैदा करना रह गया है, जबकि भाजपा समाज को जोड़ने और विकास की राह पर आगे बढ़ाने का काम कर रही है। पारीक ने कहा कि बिहार के जनादेश ने एक बार फिर साबित कर दिया कि लोग काम, विकास और सुशासन की राजनीति को प्राथमिकता दे रहे हैं।
पारीक ने यह भी कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वयं को सुरक्षित और प्रगतिशील महसूस करती है। भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने समाज के हर वर्ग तक लाभ पहुंचाया है, और इसी विश्वास के चलते बिहार की जनता ने एनडीए पर एक बार फिर भरोसा जताया। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इस जीत को संगठन की मजबूती और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के संकल्प के रूप में देख रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































