चेटीचंड मेले में छप्पन भोग, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भव्य शोभायात्रा होंगे मुख्य आकर्षण

24

हनुमानगढ़। टाउन की पूज्य सिंधी पंचायत समिति (रजि) एवं श्री झूलेलाल मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित 64वें श्री झूलेलाल जयंती महोत्सव एवं चेटीचंड मेले के अंतर्गत झूलेलाल नारी शक्ति हनुमानगढ़ द्वारा आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत दूसरे दिन सोमवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी सुबह 6 बजे आरंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर भगवान झूलेलाल के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्रभात फेरी शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली। इस दौरान श्रद्धालु भगवान झूलेलाल के भजन गाते हुए और झंडे लेकर आगे बढ़ते रहे। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने प्रभात फेरी का स्वागत किया और भगवान झूलेलाल के जयकारे लगाए। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। प्रभात फेरी झूलेलाल मन्दिर से प्रारम्भ होकर ग्रीन सिटी में सम्पन हुई ।
झूलेलाल नारी शक्ति की सदस्य वर्षा कर्मचंदानी और अनीता तेजवानी ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सोमवार को शाम 5 बजे मंदिर परिसर में भगवान झूलेलाल को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात रात्रि में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय महोत्सव के तहत आगामी दिनों में भी कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 18 मार्च को मेले में विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां श्रद्धालु और शहरवासी खरीदारी के साथ-साथ मेले का आनंद ले सकेंगे। वहीं 19 मार्च को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा नृत्य, संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। महोत्सव के समापन अवसर पर 20 मार्च को शहर में भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी, जिसमें झांकियां, भजन मंडलियां और श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे। शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में अभी से उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव के तहत सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया गया है। इसी कड़ी में 17 मार्च को महिलाओं के लिए कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिलाएं अपनी पाक कला का प्रदर्शन करेंगी। इसके साथ ही बच्चों के लिए क्राफ्ट प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिससे बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलेगा। आयोजन समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में भाग लेकर भगवान झूलेलाल का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।