– शेर सिंह शाक्य बने नए जिला महासचिव, आत्मा सिंह को पुनः अध्यक्ष की जिम्मेदारी
हनुमानगढ़। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) का 7वां जिला सम्मेलन शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर राज्य अध्यक्ष भंवर सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में मजदूर वर्ग की समस्याओं, केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और मजदूर हितों से जुड़े चारों श्रम संहिताओं पर गंभीर चर्चा की गई। वक्ताओं ने मजदूर एकता को मजबूत करने और जन-जागरण अभियान चलाने पर बल दिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्य महामंत्री वी.एस. राणा ने कहा कि मजदूरों को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा। निजीकरण और ठेका प्रथा ने मजदूरों की स्थिति कमजोर की है। ऐसे समय में मजदूर संगठनों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि श्रम संहिताएं मजदूरों की सुरक्षा व अधिकारों को खत्म करने वाली हैं, जिनका विरोध जरूरी है।
राज्य अध्यक्ष भंवर सिंह शेखावत ने मजदूर विरोधी चारों कानूनों के खतरे पर प्रकाश डाला और कहा कि यह श्रमिक वर्ग के लिए बड़ा संकट है। उन्होंने मजदूरों से अपील की कि वे गांव-गांव और कारखानों तक जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक श्रमिकों को संगठन से जोड़े।
प्रदेश कमेटी सदस्य रामेश्वर वर्मा ने मजदूरों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। जिलाध्यक्ष आत्मा सिंह ने कहा कि संगठन की ताकत ही मजदूरों के अधिकार दिलाने का माध्यम है, इसलिए इसे और अधिक मजबूत किया जाएगा। महिला प्रतिनिधि चंद्रकला वर्मा ने महिला मजदूरों की समस्याओं पर आवाज उठाई और विशेष कार्यक्रम चलाने की आवश्यकता बताई।
सम्मेलन में सर्वसम्मति से नई जिला कमेटी का गठन किया गया। इसमें कामरेड आत्मा सिंह को पुनः जिला अध्यक्ष चुना गया। शेर सिंह शाक्य को जिला महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि बहादुर सिंह चौहान कोषाध्यक्ष बनाए गए। इसके अलावा सुनीता रानी, हाकम खान, सेवक सिंह, ओमप्रकाश, रिछपाल सिंह राठौड़ को उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं बलदेव सिंह, गुरप्रेम सिंह, सुल्तान खान, बसंत सिंह और महेंद्र सिंह को उपसचिव की जिम्मेदारी दी गई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































