राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन समारोह आयोजित

77

– 1500 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग, पोस्टर प्रतियोगिता व हेलमेट वितरण रहा आकर्षण
हनुमानगढ़। 
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के समापन पर पुलिस मुख्यालय एवं जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार यातायात शाखा हनुमानगढ़ की ओर से जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में भव्य समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन विशेषकर विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। समारोह में जिले भर के विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इसे जन-जागरूकता का सशक्त मंच बना दिया।
समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. हरिशंकर रहे। विशिष्ट अतिथियों में अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक राज कवर, वृत उपाधीक्षक मीनाक्षी सहारण, साइबर थाना प्रभारी रघुवीर बिका, पूर्व उपसभापति नगीना बाई तथा गुरु हरिकिशन स्कूल के प्रतिनिधि अमन संधू शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने की। अतिथियों का स्वागत यातायात शाखा की ओर से किया गया।
कार्यक्रम में हनुमानगढ़ टाउन एवं जंक्शन क्षेत्र के समस्त विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। करीब 1500 से अधिक स्कूली विद्यार्थियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। इस अवसर पर यातायात शाखा हनुमानगढ़ द्वारा विद्यार्थियों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए पोस्टर और स्लोगन में हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीड से बचने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।
मुख्य अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. हरिशंकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर हम स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान भी बचा सकते हैं। उन्होंने यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा द्वारा सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक यातायात नियमों के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार और समाज में भी यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाएं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. हरिशंकर एवं साइबर थाना प्रभारी रघुवीर बिका द्वारा विद्यार्थियों से यातायात नियमों एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास एवं उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों एवं पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों का उत्साह और अधिक बढ़ा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।