जगदम्बा एवं प्राइवेट गोदाम पल्लेदार मजदूर यूनियन का सम्मेलन संपन्न, मजदूर हितों पर फोकस

167

– सीटू नेताओं ने लेबर कोड को बताया मजदूर विरोधी, 9 जुलाई की हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान
हनुमानगढ़।
जगदम्बा एवं प्राइवेट गोदाम पल्लेदार मजदूर यूनियन का सम्मेलन हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित शहीद भगत सिंह यादगार केंद्र में आयोजित हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता कामरेड रामेश्वर वर्मा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत झंडारोहण के साथ हुई, जिसमें सीटू जिलाध्यक्ष आत्मा सिंह, वरिष्ठ नेता बहादुर सिंह चौहान, जिला महासचिव शेर सिंह शाक्य, विनय कुमार एवं सरपंच बलदेव सिंह मक्कासर ने भाग लिया। सम्मेलन में मजदूरों की एकजुटता, हकों की रक्षा और सरकार की नीतियों के विरोध को लेकर गहन चर्चा हुई। रामेश्वर वर्मा ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि मजदूर वर्ग को संगठित रहकर सरकार की जनविरोधी व श्रम-विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करना होगा। उन्होंने मजदूरों से आह्वान किया कि वे भ्रम में न आएं और अपनी ताकत को पहचानें।  सीटू जिलाध्यक्ष कामरेड आत्मा सिंह ने अपने संबोधन में मजदूर एकता और श्रमिक आंदोलनों के इतिहास को याद दिलाते हुए कहा कि जब-जब मजदूर एकजुट हुए हैं, तब-तब शोषणकारी ताकतों को पीछे हटना पड़ा है।

वरिष्ठ नेता बहादुर सिंह चौहान ने कहा कि मंडी में काम करने वाले पल्लेदारों को न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा व स्थायित्व की मांग को लेकर संघर्ष की राह अपनानी होगी। उन्होंने मजदूरों की समस्याओं को जिला प्रशासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। सम्मेलन में सीटू जिला महासचिव कॉ. शेर सिंह शाक्य ने केंद्र सरकार की श्रम नीतियों की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि चार लेबर कोड मजदूर वर्ग को पूरी तरह से पूंजीपतियों के अधीन करने का षड्यंत्र हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री ‘श्रमेव जयते’ का नारा देते हैं, दूसरी ओर संसद में ऐसे कानून पारित कर रहे हैं जो मजदूरों के हकों को खत्म करते हैं। शाक्य ने आगामी 9 जुलाई को प्रस्तावित राष्ट्रीय आम हड़ताल को मजदूरों के अधिकारों की रक्षा का निर्णायक कदम बताते हुए उसे ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। सम्मेलन में उपस्थित सभी सदस्यों की सहमति से विनय कुमार को यूनियन का नया अध्यक्ष चुना गया। सम्मेलन के अंत में मजदूरों की समस्याओं के समाधान और आगामी संघर्ष की रूपरेखा पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का समापन जोशीले नारों और एकजुटता के संकल्प के साथ किया गया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।