स्मार्ट मीटरों के खिलाफ माकपा का विरोध तेज, हनुमानगढ़ टाउन में मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

595

– 15 जुलाई को जिला कलेक्ट्रेट पर होगा बड़ा प्रदर्शन, सरकार पर लगाए जनविरोधी फैसलों के आरोप
हनुमानगढ़। स्मार्ट विद्युत मीटर लगाए जाने के खिलाफ भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को माकपा कार्यकर्ताओं ने हनुमानगढ़ टाउन में मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर विरोध जताया और सरकार पर जनविरोधी नीतियों को जबरन थोपने का आरोप लगाया। माकपा ने घोषणा की है कि आगामी 15 जुलाई को जिला कलेक्ट्रेट पर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और मुख्यमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर सरकार को चेतावनी दी जाएगी।
माकपा नेता रघुवीर वर्मा ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटरों के माध्यम से निजी कंपनियां आम जनता की जेब पर सीधा हमला कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन मीटरों में एक चिप लगी होती है, जिसका पूरा नियंत्रण संबंधित कंपनियों के पास होता है, और उपभोक्ताओं को प्रीपेड सिस्टम के तहत रिचार्ज करना पड़ेगा।
वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि स्मार्ट मीटरों को नहीं हटाया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि अगर किसी उपभोक्ता के पास रिचार्ज नहीं है या अचानक बैलेंस खत्म हो जाता है, तो क्या स्थिति बनेगी? इस स्थिति में बिजली की आपूर्ति तुरंत बंद हो जाएगी, जो कि गंभीर समस्या उत्पन्न कर सकती है, खासकर बीमार व्यक्ति, छात्रों या बुजुर्गों के लिए।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।