गाजियाबाद में 3 बहनों ने की खुदकुशी, ‘कोरियन लव गेम’ ने उजाड़ा परिवार, देखें VIDEO

182

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (Ghaziabad) में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। टीला मोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में तीन सगी बहनों ने एक साथ आत्महत्या कर ली। यह घटना देर रात करीब 2 बजे की है, जब बी-1 टावर की नौवीं मंजिल से 16 साल की निशिका, 14 साल की प्राची और 12 साल की पाखी ने नीचे कूदकर जान दे दी।

पुलिस के अनुसार, तीनों बहनें फ्लैट नंबर 907 में रहती थीं और लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग की लत में थीं। परिवार द्वारा मोबाइल गेम खेलने से मना किए जाने के बाद उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। परिजनों का कहना है कि तीनों बेटियां पिछले करीब दो साल से स्कूल नहीं जा रही थीं और ज्यादातर समय मोबाइल गेम में ही बिताती थीं।

जांच में सामने आया है कि घटना से पहले तीनों ने अपने कमरे को अंदर से बंद किया था। इसके बाद स्टूल की मदद से बालकनी में पहुंचकर नीचे छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को लोनी के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कमरे से पुलिस को एक डायरी भी मिली है, जिसमें 18 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा हुआ है। नोट में लिखा है, “मम्मी-पापा सॉरी… हम गेम नहीं छोड़ पा रहे हैं। अब आपको समझ आएगा कि हम गेम से कितना प्यार करते थे, जिसे आप छुड़वाना चाहते थे।”

बेटियों के पिता चेतन का कहना है कि तीनों पिछले तीन साल से गेम खेल रही थीं और दो साल से स्कूल जाना छोड़ चुकी थीं। वे अक्सर कहती थीं कि उन्हें कोरिया जाना है। उन्होंने बताया कि बेटियां आसपास के लोगों से भी बात नहीं करती थीं और हर समय एक-दूसरे के साथ ही रहती थीं।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

पिता ने यह भी बताया कि बीच वाली बेटी प्राची गेम में ‘डेथ कमांडर’ की भूमिका निभाती थी और बाकी दोनों उसकी हर बात मानती थीं। तीनों बहनें हर काम साथ करती थीं, चाहे वह खेलना हो या रोजमर्रा की गतिविधियां।

पुलिस जांच में जिस “कोरियन लव गेम” का जिक्र सामने आया है, वह एक ऑनलाइन चैट आधारित गेम बताया जा रहा है। इसमें सामने वाला खुद को विदेशी या कोरियन बताकर दोस्ती करता है और धीरे-धीरे टास्क देता है। शुरुआत में ये टास्क आसान होते हैं, लेकिन बाद में मानसिक दबाव बढ़ने लगता है। कई मामलों में बात न मानने पर डराने-धमकाने की भी शिकायतें सामने आई हैं, जिससे खेलने वाला व्यक्ति तनाव में चला जाता है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह समझने की कोशिश कर रही है कि ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बच्चों की मानसिक स्थिति को किस हद तक प्रभावित किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।