बिहार में एक बार फिर ‘ऑल इंडिया प्रेग्नेंट जॉब’ (All India Pregnant Job )के नाम से चल रहे अनोखे लेकिन गंभीर साइबर ठगी के मामले सामने आए हैं। कुछ महीने पहले उजागर हो चुका यह स्कैम अब भी लोगों को अपने जाल में फंसा रहा है। ताजा पुलिस कार्रवाई में खुलासा हुआ है कि इस स्कैम के जरिए अब भी कई लोग अपनी गाढ़ी कमाई गंवा चुके हैं।
कैसे दिया जाता था 10 लाख रुपये कमाने का लालच
ठग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक और व्हाट्सएप पर भ्रामक विज्ञापन डालते थे। इनमें दावा किया जाता था कि अगर कोई व्यक्ति किसी निसंतान महिला को प्रेग्नेंट करता है तो उसे 10 लाख रुपये तक की रकम दी जाएगी। यहां तक कहा जाता था कि अगर प्रेग्नेंसी नहीं भी हुई, तब भी आधी रकम मिल जाएगी।
इन विज्ञापनों में भरोसा जीतने के लिए कथित महिला मॉडलों की तस्वीरें भेजी जाती थीं, जिससे लोग आसानी से इनके झांसे में आ जाते थे।
रजिस्ट्रेशन फीस से शुरू होती थी ठगी
जब कोई व्यक्ति संपर्क करता था, तो उससे पहले रजिस्ट्रेशन फीस, फिर होटल खर्च, मेडिकल चार्ज और अन्य बहानों से लगातार पैसे मांगे जाते थे। यह सिलसिला तब तक चलता रहता था, जब तक पीड़ित को यह समझ न आ जाए कि उसके साथ ठगी हो रही है। सबसे गंभीर बात यह रही कि बदनामी के डर से ज्यादातर पीड़ित पुलिस में शिकायत तक नहीं करते थे, जिससे ठगों का हौसला और बढ़ जाता था।
सस्ते लोन और फर्जी नौकरियों का भी जाल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यही गिरोह ‘प्लेबॉय सर्विस’, ‘धनी फाइनेंस’ और ‘SBI सस्ता लोन’ जैसे नामों से भी लोगों को ठग रहा था। इन फर्जी स्कीम्स के जरिए बेरोजगार युवाओं और जरूरतमंद लोगों को निशाना बनाया जाता था।

पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
नवादा साइबर थाना पुलिस ने इस गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रंजन कुमार नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल किए गए चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इससे पहले भी नवादा जिले में इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं और जांच जारी है कि इस गिरोह के तार राज्य के बाहर तो नहीं जुड़े हैं।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर दिखने वाले ऐसे लुभावने और अविश्वसनीय ऑफर्स से सावधान रहें। किसी भी तरह के जॉब या लोन ऑफर में पैसे मांगे जाने पर तुरंत सतर्क हो जाएं और नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































