तरनतारन लॉ कॉलेज में छात्रा की हत्या, हमलावर छात्र ने खुद को भी गोली मारी

146

पंजाब के तरनतारन स्थित लॉ कॉलेज (Punjab law college) में सोमवार को छात्र ने क्लासरूम में घुसकर छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने वहीं पर खुद को भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया। वायरल सीसीटीवी के मुताबिक ये घटना सोमवार, 9 फरवरी की सुबह 9 बजकर 17 मिनट के आसपास हुई। वीडियो में दिख रहा है कि छात्र अपनी साथी छात्रा और उसके दोस्त के पास बैठा हुआ है। तभी अचानक वो उठता है, और उसे गोली मार देता है। इसके बाद खुद को भी शूट कर लेता है।

मृतक छात्रा संदीप कौर (20) है, वह लॉ कॉलेज में फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थी। वहीं आरोपी छात्र तरनतारन का प्रिंसराज सिंह है, वह भी छात्रा के साथ पढ़ता था। पुलिस ने लॉ कॉलेज को सील कर दिया है, साथ ही हत्या के कारणों की जांच कर रही है।

वहीं लड़की की मां ने आरोप लगाया कि कॉलेज से उन्हें कहा गया कि छोटा सा झगड़ा हुआ और उनकी बेटी को चोट लगी है। वह कॉलेज पहुंचे तो बेटी मरी पड़ी थी। पुलिस के मुताबिक अभी घटना के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती तौर पर इसे एकतरफा प्यार से जोड़कर देखा जा रहा है।

मामले में एसीपी जगबीर ने बताया कि क्लास में छात्रा बैंच पर बैठी थी, तभी उसे गोली मारी गई। जांच की जा रही है कि आरोपी के पास पिस्टल कहां से आई। साथ ही पुलिस लाइसेंसी या अवैध पिस्टल के शक को भी देख रही है। फिलहाल, हत्या का सटीक कारण सामने नहीं आया है। संदीप की मां का कहना है कि बेटी को किसी से कोई झगड़ा नहीं था। कुछ रिपोर्ट्स में एकतरफा प्यार या वैलेंटाइन वीक से जुड़ी अफवाहें भी चल रही हैं, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

चैनल को सब्सक्राइब करें 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।