टाउन थाने का घेराव: युवती के अपहरण व धर्मांतरण की धमकी पर उबाल

104

-परिजनों के साथ हिंदू समाज ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। एक युवती के कथित अपहरण एवं धर्मांतरण की धमकी के मामले में बुधवार को हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस पर कार्रवाई को लेकर हिंदू समाज के लोगों में भारी रोष देखने को मिला। मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब पीड़िता के पिता ने थानाधिकारी को प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट सौंपते हुए बताया कि पुत्री बीती रात रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों के अनुसार घर से तीन तोला सोने के आभूषण, 95 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज भी गायब हैं।
प्रार्थी ने रिपोर्ट में बताया कि 7 दिसंबर की रात परिवार सोने के बाद सुबह उठने पर पुत्री कमरे में नहीं मिली। आसपास खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका। इसी बीच सुबह उसके पुत्र के स्नैपचैट आईडी पर आए कॉल में एक युवक ने स्वयं को साहिल खान बताते हुए धमकी दी कि पीड़िता उसके कब्जे में है और वह उसका धर्म परिवर्तन कराकर विदेश में बेच देगा। कॉल करने वाले ने यह भी चुनौती दी कि “दम है तो अपनी बहन को बचा लो, कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
परिवार मौके पर साहिल के घर पहुंचा तो उसकी पत्नी ने अनभिज्ञता जाहिर की और बताया कि साहिल बाहर गया हुआ है। साहिल का फोन भी स्विच ऑफ मिला। वहीं तमन्ना खान नाम की युवती पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिसके बारे में कहा गया कि उसने पीड़िता को साहिल से दोस्ती करवाकर पूरे घटनाक्रम में सहयोग किया। तमन्ना ने भी कॉल कर परिवार को धमकाया कि वे पीड़िता को कभी तलाश नहीं कर पाएंगे।
इन गंभीर आरोपों और युवती की सुरक्षा को लेकर पूरे प्रकरण से हिंदू समाज में आक्रोश फैल गया। बुधवार को बड़ी संख्या में समाजबंधु टाउन थाना पहुंचे और थाने का घेराव कर विरोध दर्ज करवाया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से तुरंत एफआईआर दर्ज कर साहिल खान और तमन्ना खान को गिरफ्तार करने तथा युवती को सुरक्षित बरामद करने की मांग की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।