– हनुमानगढ़ में 12वीं नॉर्थ जोन राकेट बॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, 300 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया भाग
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित व्यापार मंडल धर्मशाला में आयोजित 12वीं नॉर्थ जोन राकेट बॉल चैंपियनशिप 2025 का समापन रविवार को गरिमामयी समारोह के साथ हुआ। राकेट बॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के छह राज्यों – पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, एनसीआर व राजस्थान – से 300 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस टूर्नामेंट में दर्शकों को खेल का रोमांच और युवाओं का जोश देखने को मिला।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर रहे। उनके साथ नागौर से पधारे शारीरिक शिक्षक चैन सिंह, हरदीप सिंह एवं कर्नल कॉलेज ऑफ फिजीकल एज्युकेशन के प्रिंसीपल कुलदीप शर्मा विशेष अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राकेट बॉल एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुश सहारण व प्रदेश सचिव संजय सहारण ने की। सभी अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में दिल्ली और पंजाब के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें दिल्ली की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
महिला वर्ग के फाइनल में भी दिल्ली और पंजाब के मध्य जोरदार प्रतिस्पर्धा हुई, जिसमें दिल्ली की महिला टीम ने शानदार जीत हासिल कर डबल खिताब पर कब्जा जमाया। दिल्ली के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अपनी टीम भावना, तकनीकी कौशल और शारीरिक क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
राकेट बॉल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अमित सहारण व सचिव मुकेश चाहर ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना, उन्हें मंच प्रदान करना और राकेट बॉल जैसे खेल को नई पहचान दिलाना है। उन्होंने बताया कि सभी मैचों का संचालन कुशल निर्णायकों द्वारा निष्पक्ष तरीके से किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। समारोह में अतिथियों ने खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल खिलाड़ियों को निखारने का अवसर देते हैं, बल्कि शहर को राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी दिलाते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी हनुमानगढ़ में इस तरह के आयोजन किए जाने चाहिए।
आयोजन की सफलता में सोनू बुड़ानिया, योगित शर्मा, सुमित सुथार, संदीप बेनीवाल, करण भुवाल, रामप्रताप पूनिया और लखविंद्र सिंह लक्खा का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने आयोजन की हर जरूरत में सक्रिय भूमिका निभाई। खिलाड़ियों व आयोजकों ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजन को यादगार बताया।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































