पंजाब में बाढ़ राहत हेतु केंद्र सरकार से सहायता की मांग

96

– भटनेर दुर्ग की मरम्मत के लिए विशेष बजट दिलाने की भी रखी मांग
हनुमानगढ़। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला महामंत्री अपारजोत सिंह बराड़ ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं दिल्ली राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा को ज्ञापन सौंपकर पंजाब में आई भीषण बाढ़ के लिए केंद्र सरकार से तत्काल राहत पैकेज उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में पंजाब के कई जिलों में बाढ़ से जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हजारों परिवार बेघर हो चुके हैं, सैकड़ों गांवों में हालात बेहद गंभीर हैं और बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है। सड़कें, पुल और अन्य सार्वजनिक संपत्तियां जलमग्न हो चुकी हैं। लोगों को पीने का पानी, भोजन और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। बराड़ ने कहा कि इस आपदा की स्थिति में केंद्र सरकार की ओर से शीघ्र राहत पैकेज की घोषणा होना आवश्यक है, जिससे प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंच सके।
ज्ञापन के दौरान अपारजोत सिंह बराड़ ने मंत्री श्री सिरसा को यह भी अवगत कराया कि हनुमानगढ़ जिले की पहचान और ऐतिहासिक धरोहर भटनेर दुर्ग वर्षों से मरम्मत और संरक्षण के इंतजार में है। इस दुर्ग की ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए इसके संरक्षण और मरम्मत हेतु केंद्र सरकार से विशेष बजट स्वीकृत करवाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि भटनेर दुर्ग का संरक्षण कार्य समय रहते किया जाए तो यह न केवल इतिहास और संस्कृति को संरक्षित करेगा बल्कि जिले में पर्यटन को भी नई दिशा देगा।
मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वह पंजाब में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद हेतु केंद्र सरकार से हरसंभव सहयोग दिलाने का प्रयास करेंगे। साथ ही भटनेर दुर्ग के संरक्षण और मरम्मत के संबंध में भी सकारात्मक पहल की जाएगी।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी सरकार से आग्रह किया कि वह पंजाब की इस आपदा की घड़ी में तुरंत हस्तक्षेप करे और हनुमानगढ़ की धरोहर को भी संजीवनी प्रदान करे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।