सूर्य नगर आयुष्मान आरोग्य मंदिर में चिकित्सक व दवाइयों की मांग

91

– भाजपा जिला मंत्री शिमला राकेश महेन्दीरता के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन, सीएमएचओ ने तुरंत दवाइयाँ भिजवाकर चिकित्सक सेवा शुरू करने का दिया आश्वासन
हनुमानगढ़। सूर्य नगर हनुमानगढ़ टाउन स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (स्वास्थ्य केंद्र) में नियमित चिकित्सक की नियुक्ति एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता को लेकर क्षेत्रवासियों का आक्रोश सामने आया। भाजपा जिला मंत्री शिमला राकेश महेन्दीरता के नेतृत्व में सैकड़ों वार्डवासियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा विभाग हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
ज्ञापन में बताया गया कि सूर्य नगर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में लंबे समय से नियमित चिकित्सक की सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसके साथ ही खांसी, जुकाम, बुखार जैसी रोजमर्रा की सामान्य बीमारियों की दवाइयों का भी भारी अभाव बना हुआ है। इस कारण क्षेत्र के मरीजों को मजबूरी में राजकीय चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन जाना पड़ता है, जिससे उन्हें समय, धन और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा जिला मंत्री शिमला राकेश महेन्दीरता ने कहा कि सूर्य नगर आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर इंदिरा कॉलोनी, पारीक कॉलोनी, सूर्य नगर एवं ग्राम कोहला सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोग निर्भर हैं। इनमें बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं एवं बच्चे शामिल हैं, जिनके लिए छोटी-छोटी बीमारियों में भी दूर अस्पताल जाना बेहद कष्टकारी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आमजन को उनके घर के पास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, लेकिन वर्तमान स्थिति में यह उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है।
ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान वार्डवासियों ने मांग की कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर सूर्य नगर में शीघ्र नियमित चिकित्सक की नियुक्ति की जाए तथा आवश्यक दवाइयों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और राजकीय चिकित्सालय पर बढ़ते दबाव को भी कम किया जा सके।
इस मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) नवनीत शर्मा ने त्वरित संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से आयुष्मान आरोग्य मंदिर सूर्य नगर में आवश्यक दवाइयों की आपूर्ति करवाई। साथ ही उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आगामी कुछ ही दिनों में यहां नियमित चिकित्सक की सेवाएं भी प्रारंभ कर दी जाएंगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।