नवनिर्मित सब्जी मंडी का शीघ्र आवंटन करने की मांग

72

– आढ़तिया यूनियन व फल-सब्जी आढ़तिया यूनियन ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। अबोहर बाईपास स्थित नवनिर्मित सब्जी मंडी को व्यापारियों को शीघ्र आवंटित करने की मांग को लेकर सब्जी मंडी आढ़तिया यूनियन व फल-सब्जी आढ़तिया यूनियन ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। यूनियन प्रधान केशव नानकानी, रतीराम शाक्य, ओमप्रकाश ने बताया कि उक्त सब्जी मंडी को स्वीकृति मिले लगभग 11-12 वर्ष हो चुके हैं तथा करोड़ों रुपये की लागत से इसका निर्माण करीब छह वर्ष पूर्व पूर्ण हो चुका है, लेकिन अब तक व्यापारियों को भूखंड आवंटित नहीं किए गए हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि मंडी परिसर में चारदीवारी, पक्की सड़कें, बैंक भवन, किसान भवन, कैंटीन व शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं तैयार हैं, बावजूद इसके आवंटन प्रक्रिया लंबित है। लंबे समय से खाली पड़े भवन अब खंडहर बनने लगे हैं। चारदीवारी दो बार टूट चुकी है और निर्माण का गारंटी पीरियड भी समाप्त हो चुका है। यदि शीघ्र आवंटन नहीं हुआ तो भविष्य में मरम्मत व पुनर्निर्माण पर भारी खर्च आएगा, जिसका भार अंततः व्यापारियों पर ही पड़ेगा।
व्यापारियों ने यह भी बताया कि खाली पड़ी मंडी अब असामाजिक तत्वों का अड्डा बनती जा रही है। आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं। परिसर से एल्यूमिनियम गेट, बिजली फिटिंग का सामान, नल व टूटियां तक चोरी हो चुकी हैं। इससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है।
वर्तमान में शहर के बीचों-बीच संचालित हो रही पुरानी सब्जी मंडी जगह के अभाव में छोटी पड़ चुकी है। सुबह के समय हालात इतने खराब हो जाते हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। किसानों और व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। कई बार मुख्य सड़क पर यातायात बाधित हो जाता है और जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आमजन भी परेशान होते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।