पैरामेडिकल भर्ती में मेरिट बोनस अंक लागू करने की मांग तेज

79

– 4000 पदों पर भर्ती की मांग को लेकर सीएमएचओ से कलेक्टर कार्यालय तक रोष मार्च
हनुमानगढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत पैरामेडिकल संवर्ग के कार्मिकों ने आगामी भर्ती प्रक्रिया में मेरिट बोनस अंक प्रणाली (10, 20, 30 अंक) लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिले भर से पैरामेडिकल समिति एवं नर्सिंग समिति के कार्यकर्ताओं ने सीएमएचओ कार्यालय से जिला कलेक्टर कार्यालय तक रोष मार्च निकालकर सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज करवाया।
इस रोष मार्च में बड़ी संख्या में लैब टेक्नीशियन, सहायक रेडियोग्राफर, ईसीजी टेक्नीशियन सहित अन्य पैरामेडिकल कार्मिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार से अपनी मांगों को शीघ्र स्वीकार करने की अपील की। रोष मार्च के उपरांत जिला कलेक्टर के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री एवं माननीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री, राजस्थान सरकार को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं को सफल बनाने में पैरामेडिकल कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान में हजारों कार्मिक निविदा, संविदा, प्लेसमेंट, एनएचएम एवं पीपीपी जैसे माध्यमों से अल्प मानदेय पर सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद इनके अनुभव और सेवाओं को भर्ती प्रक्रिया में उचित महत्व नहीं दिया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।