– भारत की जनवादी नौजवान सभा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, दुर्घटनाओं पर जताई चिंता
हनुमानगढ़। गांव जोरावरपुरा के बस अड्डे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए भारत की जनवादी नौजवान सभा ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द बस अड्डे पर रैंप (स्पीड ब्रेकर) बनाने की मांग की है। सभा के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
सभा के नेता बृज प्रकाश स्वामी ने बताया कि गांव जोरावरपुरा के बस अड्डे पर रैंप न होने की वजह से वहां से गुजरने वाले वाहन अत्यधिक गति से आते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि अब तक चार से पांच लोग इसी स्थान पर सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं, जिनमें कुछ लोगों की मृत्यु भी हो चुकी है। यह स्थिति गांववासियों के लिए बेहद चिंता का विषय बन चुकी है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करने का प्रयास किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बृज प्रकाश स्वामी ने जिला प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द बस अड्डे पर रैंप का निर्माण कराया जाए ताकि तेज गति से आने वाले वाहनों की रफ्तार को नियंत्रित किया जा सके और लोगों की जानमाल की रक्षा हो सके।
सभा ने स्पष्ट किया कि यह मांग आम जनता की सुरक्षा से जुड़ी है और यदि प्रशासन ने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई, तो संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सड़क सुरक्षा जैसे विषयों पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्यवाही करनी चाहिए।
इस मौके पर सेन कुमार साहरण, विनोद कुमार एडवोकेट, महेंद्र गोस्वामी, सरवन कुमार मिस्त्री, रामकुमार, सहदेव सहित कई अन्य ग्रामीण व कार्यकर्ता भी मौजूद थे। सभी ने एक सुर में कहा कि गांव के बस अड्डे पर रैंप निर्माण की मांग पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































