जातिसूचक गालियां व हमले का मामला दर्ज कराने की मांग

88

– महिला ने पड़ोसियों पर मारपीट, कुत्ते से काटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया
हनुमानगढ़। आईटीआई बस्ती स्थित वार्ड नंबर 02 की निवासी एक महिला ने अपने पड़ोसियों पर जाति सूचक गालियां देने, मारपीट करने, कुत्ते से हमला करवाने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता निशा पत्नी दिलावर कुमार मेघवाल ने इस संबंध में पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन में रिपोर्ट दर्ज कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, पीड़िता का परिवार वार्ड नंबर 02, ग्राम पंचायत 2 केएनजे में रहता है। पास में रहने वाली बबीता पत्नी ताराचंद, उसके पति ताराचंद, पुत्र मोहित, राजन तथा पुत्री दिव्या आए दिन उन्हें गालियां देकर परेशान करते हैं। निशा ने आरोप लगाया कि ये लोग जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करते हुए बार-बार धमकी देते हैं।
महिला ने बताया कि उक्त परिवार अपने घर में पालतू कुत्ता रखते हैं और अक्सर उसे खुला छोड़ देते हैं। 11 नवंबर 2025 को सुबह करीब 11:30 बजे जब निशा के जेठ दीपक गली से होकर घर लौट रहे थे, तब बबीता और उसके परिवार ने कुत्ते को खुला छोड़ दिया, जिससे दीपक को कुत्ते ने काट लिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर और निशा के पति पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
निशा के अनुसार, झगड़े के दौरान आरोपियों ने उसकी छोटी बेटी वैश्णवी पर भी कुत्ता छोड़ दिया, जिससे उसे चोटें आईं। वहीं, छह माह की बच्ची राधिका को भी आरोपियों ने धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। महिला ने यह भी कहा कि हमले के दौरान उसे और उसके पति को गंभीर चोटें आईं।
प्रार्थीया ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी जाति सूचक गालियों से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित है तथा पहले भी थाने में कई बार शिकायतें दी गई हैं, परंतु अब तक कोई स्थायी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी किसी भी समय उनके परिवार के साथ बड़ी अनहोनी कर सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।