वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा में रियायत बहाल करने की मांग

109

– राष्ट्रीय युवक परिषद ने रेल मंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
हनुमानगढ़। वरिष्ठ नागरिकों को रेलवे में आरक्षण एवं किराये में पूर्व की भांति रियायत पुनः शुरू करने की मांग को लेकर गुरुवार को राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष एवं सम्भागीय प्रभारी प्रवीण जैन ने माननीय रेल मंत्री भारत सरकार के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। यह ज्ञापन जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ के माध्यम से भेजा गया। ज्ञापन में कहा गया कि पूर्व में रेलवे विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली रियायत से गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिलती थी, लेकिन कुछ समय से यह सुविधा बंद होने के कारण बुजुर्ग यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि देश में बड़ी संख्या में ऐसे वरिष्ठ नागरिक हैं, जिनकी आय सीमित है और उन्हें उपचार, पारिवारिक कार्यों व धार्मिक यात्राओं के लिए रेल यात्रा पर निर्भर रहना पड़ता है। रियायत समाप्त होने से यात्रा व्यय में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे उनके लिए रेल से सफर करना कठिन हो गया है। इससे न केवल आर्थिक बोझ बढ़ा है, बल्कि सामाजिक एवं पारिवारिक गतिविधियों में भागीदारी भी प्रभावित हुई है।
प्रवीण जैन ने रेल मंत्री की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान रेल मंत्री के नेतृत्व में देशभर में नई-नई ट्रेनें चलाई गई हैं, आधुनिक रेलवे स्टेशन विकसित किए गए हैं तथा यात्रियों की सुविधाओं में निरंतर सुधार हुआ है। इन प्रयासों से रेल यात्रा अधिक सुरक्षित, सुलभ और आरामदायक बनी है, जिसका लाभ आमजन को मिला है। उन्होंने कहा कि रेलवे सुधारों की इसी कड़ी में वरिष्ठ नागरिकों के हित में रियायत बहाल किया जाना एक सकारात्मक और मानवीय निर्णय होगा।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि वरिष्ठ नागरिकों को पुनः आरक्षण एवं किराये में रियायत प्रदान कर उन्हें सस्ती और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इससे न केवल बुजुर्गों को राहत मिलेगी, बल्कि सामाजिक न्याय की भावना भी सुदृढ़ होगी। राष्ट्रीय युवक परिषद ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी और शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर वरिष्ठ नागरिकों को राहत प्रदान करेगी। इस मौके पर प्रवीण जैन, राकेश त्यागी, रामगोपाल सेन, कृष शेट्टी, ओम प्रकाश बाबल, महेंद्र स्वामी, हनुमान शेखावत, गुलजार अहमद दिनेश शर्मा सहित सदस्य मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।