– जाति प्रमाण-पत्र जारी करने की मांग पर 73वें दिन भी जारी धरना, कामरेड व कांग्रेस ने दिया पूर्ण समर्थन
हनुमानगढ़। धाणका/धानका जनजाति संघर्ष समिति के आह्वान पर समाज की लंबित मांगों को लेकर आगामी 24 अक्टूबर 2025 को हनुमानगढ़ जंक्शन के भगत सिंह चौक से जिला कलेक्ट्री कार्यालय तक विशाल रोष मार्च निकाला जाएगा। इसके साथ ही हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर जिले की सभी धान मंडियों को बंद रखने का निर्णय भी लिया गया है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले 73 दिनों से जिला कलेक्ट्रेट के सामने शांतिपूर्ण धरना जारी है, परंतु अब तक प्रशासन की ओर से किसी भी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
समिति ने ज्ञापन के माध्यम से जिला कलेक्टर को अवगत करवाया है कि धाणका/धानका जाति के प्रमाण-पत्र बनाने पर मौखिक रूप से लगाई गई रोक को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए। संघर्ष समिति का कहना है कि राजस्थान सरकार या प्रशासन की ओर से ऐसा कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है, जिसमें अनुसूचित जनजाति वर्ग में आने वाली “धाणका जाति” के प्रमाण-पत्र जारी करने पर प्रतिबंध हो। इसके बावजूद, प्रशासनिक अधिकारी जाति प्रमाण-पत्र जारी नहीं कर रहे हैं और ऑनलाइन आवेदन करने वाले आवेदकों पर अनावश्यक आपत्तियां लगाकर प्रक्रिया को रोका जा रहा है।
समिति के अनुसार, वर्ष 1998 से 2014 के बीच प्रशासनिक त्रुटियों के कारण “धाणका” की जगह “धानका” नाम से जाति प्रमाण-पत्र जारी किए गए, जिससे अब समाज के लोगों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वर्तमान में कई परिवारों के बच्चे अपने जाति प्रमाण-पत्र नहीं बनवा पा रहे हैं क्योंकि अधिकारियों द्वारा यह कहा जा रहा है कि “धानका” नाम की कोई जाति अनुसूचित जनजाति की सूची में नहीं है। इस भ्रम और लापरवाही के चलते समाज को सामाजिक और शैक्षणिक स्तर पर भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन की हठधर्मिता के कारण समाज में गहरा रोष व्याप्त है और अब आंदोलन को उग्र रूप देने की स्थिति बन रही है। समिति ने कहा कि 24 अक्टूबर को होने वाले रोष मार्च और मण्डी बंद के दौरान कामरेड संगठन और कांग्रेस पार्टी ने धाणका/धाणका समाज को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। कांग्रेस व कामरेड संगठन के प्रतिनिधि भी इस रोष मार्च में शामिल होंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































