आरएसएसडीआई-26 के दूसरे दिन निकली डायबिटीज जागरूकता रैली

65

-रिलाइबल लैब से शहरभर में दिया स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश
हनुमानगढ़। आरएसएसडीआई राजस्थान चैप्टर के 13वें वार्षिक राज्य स्तरीय सम्मेलन आरएसएसडीआई-26 के दूसरे दिन आमजन में डायबिटीज के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से टाउन स्थित रिलाइबल लैब से भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ वरिष्ठ चिकित्सकों एवं अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर किया।
रैली को वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पारस जैन, डॉ. बृजेश गौड़, आयोजन समिति अध्यक्ष डॉ. एस. एस. गेट, सचिव डॉ. ऐश्वर्य गुप्ता, डॉ. अमृतपाल सिंह, डॉ. विजय अरोड़ा, रिलाइबल के संस्थापक दिनेश गुप्ता, डायरेक्टर आशीष गुप्ता, हेमंत गोयल, दिवेश नागपाल, हर्षित सोनी, बलजिन्द्र सिंह, दीपक गोयल, आकाश, सशक्त नारी संस्था की संस्थापक अध्यक्ष मित्ताली अग्रवाल तथा एसकेडी विश्वविद्यालय से प्रोफेसर जी. आर. शर्मा ने संयुक्त रूप से रवाना किया।
रैली में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां लेकर मधुमेह से बचाव, नियमित जांच, संतुलित आहार, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े संदेश दिए। “समय पर जांच, जीवन रहे सुरक्षित”, “नियमित व्यायाम अपनाएं, डायबिटीज दूर भगाएं” जैसे नारों से शहर का वातावरण स्वास्थ्य जागरूकता से गूंज उठा।
आयोजन समिति अध्यक्ष डॉ. एस. एस. गेट ने कहा कि मधुमेह तेजी से फैल रही जीवनशैली से जुड़ी बीमारी है, जिसे जागरूकता और अनुशासित दिनचर्या से काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। सचिव डॉ. ऐश्वर्य गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन के अंतर्गत चिकित्सकों के वैज्ञानिक सत्रों के साथ-साथ आमजन को जोड़ना भी मुख्य उद्देश्य है, ताकि बीमारी की रोकथाम में समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
वरिष्ठ चिकित्सकों ने बताया कि समय पर जांच, संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाकर डायबिटीज के खतरे को कम किया जा सकता है। रैली के माध्यम से लोगों को यही संदेश दिया गया कि मधुमेह लाइलाज नहीं, बल्कि नियंत्रित की जा सकने वाली बीमारी है, बशर्ते समय रहते सावधानी बरती जाए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।