रोगी-परिजन एवं चिकित्सक संवाद में दूर हुईं डायबिटीज संबंधी भ्रांतियां

61

– आरएसएसडीआई-26 के दूसरे दिन 250 से अधिक लोगों ने लिया भाग
हनुमानगढ़। आरएसएसडीआई राजस्थान चैप्टर के 13वें वार्षिक राज्य स्तरीय सम्मेलन आरएसएसडीआई-26 के दूसरे दिन आमजन में डायबिटीज के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से नवाचार करते हुए “रोगी-परिजन एवं चिकित्सक संवाद” कार्यक्रम का आयोजन टाउन स्थित राजवी पैलेस में किया गया। कार्यक्रम में शहरवासियों ने भारी संख्या में भाग लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे संवाद किया।
कार्यक्रम में डॉ. अतुल घीगड़ा, जयपुर से डॉ. मयंक गुप्ता, डॉ. पारस जैन सहित कई विशेषज्ञ उपस्थित रहे। मंचासीन अतिथियों में एपेक्स क्लब के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र बैद, डॉ. प्रदीप सहारण, महिला विंग से रेणु सौंधी, डॉ. नीलम गौड़ तथा सहयोग शक्ति फाउंडेशन से प्रेरणा पाहुजा शामिल रहे।
संवाद कार्यक्रम में 250 से अधिक लोगों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। मरीजों और उनके परिजनों ने डायबिटीज से जुड़े विभिन्न विषयों पर खुलकर प्रश्न पूछे। लोगों ने विशेष रूप से खानपान की सही आदतों, दिन में कितनी बार भोजन करना चाहिए, कौन-कौन से फल सुरक्षित हैं, दवाइयों में बदलाव कब और कैसे किया जाए, वजन कम या ज्यादा होने की स्थिति, तथा डायबिटीज की जटिलताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आमजन की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सरल भाषा में उनके प्रश्नों का समाधान किया। चिकित्सकों ने बताया कि डायबिटीज मुख्यतः दो प्रकार की होती है—टाइप-1 और टाइप-2। इसके प्रमुख लक्षणों में बार-बार पेशाब आना, अत्यधिक प्यास लगना, थकान, वजन में अचानक कमी या बढ़ोतरी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि असंतुलित जीवनशैली, मोटापा, तनाव और आनुवांशिक कारण भी मधुमेह के प्रमुख कारक हैं।
विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि वर्तमान में विश्व में मधुमेह के मामलों में चीन पहले स्थान पर है, जबकि भारत दूसरे स्थान पर है। जिस गति से देश में यह बीमारी बढ़ रही है, अनुमान है कि वर्ष 2040 तक भारत पहले स्थान पर पहुंच सकता है। ऐसे में समय रहते जागरूकता और बचाव अत्यंत आवश्यक है। नियमित जांच, संतुलित आहार, प्रतिदिन व्यायाम और चिकित्सकीय परामर्श का पालन कर मधुमेह को नियंत्रित रखा जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।