– पानी निकासी व्यवस्था ठप होने से घर की नींव कमजोर, लाखों का नुकसान
हनुमानगढ़। आईटीआई बस्ती निवासी राजेन्द्र सिंह पुत्र जगराज सिंह का आशियाना अब खंडहर जैसा नजर आने लगा है। गत रात्रि हुई बरसात के बाद उनके मकान की हालत इतनी खराब हो गई कि घर की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। सुचारू पानी निकासी की व्यवस्था न होने से बस्ती में बरसाती पानी लंबे समय तक जमा रहता है। यही पानी धीरे-धीरे घर की नींव में घुस गया, जिसके कारण मकान जर्जर होकर रहने योग्य नहीं रहा।
राजेन्द्र सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्षों की मेहनत और लाखों रुपए खर्च कर यह मकान बनाया था, लेकिन अब हालात ऐसे बन गए हैं कि उसमें रहना तो दूर, खड़ा होना भी खतरे से खाली नहीं है। दरारें लगातार बढ़ रही हैं और दीवारें किसी भी समय ढह सकती हैं। मकान की छत भी जगह-जगह से झुक गई है, जिससे परिवार के सदस्यों की जान पर भी खतरा मंडराने लगा है।
गंभीर बात यह है कि राजेन्द्र सिंह विकलांग हैं। अपने हालात के चलते वे रोजमर्रा की समस्याओं से जूझ ही रहे थे कि अब यह आपदा उन पर और भारी पड़ गई है। घर उजड़ने से उनके परिवार को गहरी चिंता सताने लगी है। अब उनके पास न तो मरम्मत के लिए आर्थिक साधन हैं और न ही कहीं और ठिकाना।
ग्रामीण केके वर्तिया का कहना है कि यदि समय रहते बस्ती में पानी निकासी की पुख्ता व्यवस्था की जाती तो ऐसी नौबत ही नहीं आती। बार-बार इस समस्या को उठाने के बावजूद जिम्मेदार विभाग ने ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते अब कई परिवार संकट में फंस चुके हैं।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































