हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ कृषि संगठन जिला हनुमानगढ़ की मासिक बैठक जंक्शन में आयोजित हुई। बैठक में जिलेभर से संगठन के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक के दौरान संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए अमृतपाल सिंह को सर्वसम्मति से हनुमानगढ़ कृषि संगठन का अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष चुने जाने के बाद सदस्यों ने अमृतपाल सिंह का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
नई कार्यकारिणी में संजय चाहर को उपाध्यक्ष, विष्णु कुमार को सचिव, जयपाल सियाग को कोषाध्यक्ष तथा लालचंद घोटिया को प्रवक्ता नियुक्त किया गया। वहीं रामलाल न्योल, अनंत राम वर्मा, राधेश्याम सुथार, सुभाष सहारण एवं संदीप सेन को संगठन का संरक्षक बनाया गया। बैठक में सदस्यों ने संगठन को मजबूत करने तथा किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने पर भी विचार-विमर्श किया।
नवनियुक्त अध्यक्ष अमृतपाल सिंह ने अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर संगठन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा तथा कृषि क्षेत्र में किसानों को आ रही समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयास करेगा।
बैठक में यूरिया और डीएपी खाद के साथ अन्य कृषि उत्पादों की हो रही टैगिंग को रोकने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। अमृतपाल सिंह ने राजस्थान सरकार की ओर से खाद की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था शुरू किए जाने पर सरकार का आभार जताया। उन्होंने बताया कि राजस्थान में 15 अगस्त से शुरू हुई ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था से किसानों को खाद उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता आने तथा अनावश्यक परेशानी कम होने की उम्मीद है। बैठक में इस व्यवस्था से किसानों को होने वाले संभावित लाभों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अलावा वर्तमान खरीफ फसलों की स्थिति को लेकर भी सदस्यों ने अपने विचार रखे। नरमा-कपास, धान, मूंगफली एवं मूंग की फसलों की वर्तमान स्थिति, उत्पादन की संभावनाओं तथा फसलों में आ रही समस्याओं पर चर्चा की गई। कपास की फसल में ऊपर आने वाली गुलाबी सुंडी सहित विभिन्न फसलों पर कीटों के दुष्प्रभाव को लेकर भी सदस्यों ने चिंता जताई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































