जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग की बैठक आयोजित

81

-मनरेगा संग्राम के तहत गांव-गांव जनसभाएं, सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज
हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग की बैठक जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक के मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति विभाग की प्रभारी सोना देवी बावरी, प्रभारी डॉ. प्रीति मेघवाल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर तथा महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुलोचना बावरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष सीताराम कड़वा ने की।
बैठक में “मनरेगा संग्राम” अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने, आमजन को जागरूक करने तथा संगठनात्मक स्तर पर आंदोलन को मजबूत करने पर जोर दिया गया। नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की सबसे बड़ी जनकल्याणकारी योजना और अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक रोजगार पहुंचाने वाली मनरेगा योजना के मूल स्वरूप के साथ छेड़छाड़ की जा रही है।
बैठक में बताया गया कि मनरेगा का नाम बदलकर विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी जी राम जी कर दिया गया है। साथ ही योजना के लिए आवंटित धनराशि में कटौती किए जाने से गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। नेताओं ने कहा कि नाम बदलने के साथ-साथ नियमों में बदलाव कर योजना की आत्मा को कमजोर किया जा रहा है, जिससे मजदूरों को समय पर काम और भुगतान नहीं मिल पा रहा है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह कदम कॉरपोरेट समूहों को लाभ पहुंचाने और गरीबों को उनके अधिकारों से वंचित करने की मंशा से उठाया गया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।