राजकीय महाविद्यालय में एनएसएस का जिला स्तरीय क्रिमिनल लॉ व साइबर अवेयरनेस सेमिनार आयोजित

105

-सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक व साइबर विशेषज्ञों ने स्वयंसेविकाओं को किया जागरूक
हनुमानगढ़। व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय की एनएसएस इकाई प्रथम एवं एनएमपीजी राजकीय महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में तीसरे एक दिवसीय शिविर का आयोजन राजकीय महाविद्यालय परिसर में किया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय क्रिमिनल लॉ एवं साइबर अवेयरनेस सेमिनार का सफल आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं और स्वयंसेविकाओं को कानून एवं साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
सेमिनार के मुख्य वक्ता सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर सिंह रहे। उन्होंने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए छात्राओं को सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल लेन-देन के बढ़ते उपयोग के साथ ही साइबर अपराधों की घटनाएं भी बढ़ी हैं, ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।
साइबर एक्सपर्ट वाहेगुरू सिंह ने साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग एवं ऑनलाइन ट्रैप जैसे मामलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेविकाओं को बताया कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें तथा साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें।
सेनटरनल डिटेक्टिव से योगेश राव ने क्रिमिनल लॉ से जुड़े प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कानून की बुनियादी जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ गलत के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. नीलम गौड़ को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं प्रशासनिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय व्याख्याता शैना बजाज, कर्मजीत कौर एवं नेहा काठपाल सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और स्वयंसेविकाओं ने सेमिनार को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।