जिला स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव हनुमानगढ़ में संपन्न

109

– युवाओं ने कला, संस्कृति व प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया
हनुमानगढ़। राजस्थान युवा बोर्ड, युवा मामले एवं खेल विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित जिला स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव का आयोजन हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित अम्बेडकर भवन में बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से 15 से 29 वर्ष आयु तक के प्रतिभावान युवा कलाकारों ने भाग लेकर अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मकता का अद्भुत प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, आईटी जिला संयोजक पारस मिड्‍ढा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओपी बिश्नोई, नगरपरिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव, भाजपा जिला महामंत्री एवं पार्षद प्रदीप ऐरी, हिन्दुस्तान स्काउट एवं गाइड के जिलाध्यक्ष विकास गुप्ता, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक, पूर्व विधायक धर्मेन्द्र मोची, विधायक प्रतिनिधि अरविन्द बिश्नोई, समाज कल्याण अधिकारी विक्रम सिंह शेखावत तथा युवा बोर्ड से राहुल व्यास उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक एवं आयोजन सचिव चानणमल भार्गव ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। मंच संचालन पवन कौशिक, अभिमन्यु और सुनीता राघव ने किया।
महोत्सव में विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें समूह नृत्य, समूह गान, नकल गान, नकल नृत्य, राजस्थानी लोकगीत, चित्रकला, भाषण, कहानी लेखन, कविता लेखन सहित कई पारंपरिक और विलुप्तप्राय कलाएं—जैसे फड़ चित्रकला, कठपुतली नृत्य, मोरचंग तथा अलगोजा वादन—का शानदार प्रदर्शन हुआ। युवा प्रतिभाओं के जोश, कला के प्रति समर्पण और मंच पर प्रस्तुत की गई उनकी विविध प्रतिभाओं ने दर्शकों का मन मोह लिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।