डीआरसी ने लगाया निशुल्क रोग निदान शिविर

116

हनुमानगढ़। टाउन स्थित श्री करणी विश्रामगृह में आज डेजर्ट रेडर्स वेलफेयर सोसाइटी, हनुमानगढ़ के सौजन्य से एक भव्य निःशुल्क रोग निदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। समिति के सदस्य के.पी. सिद्धू ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर हनुमानगढ़ टाउन के सरकारी अस्पताल के पास श्री करणी विश्रामगृह में लगाया गया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं, जिनमें नेत्र रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ एवं मानसिक व मनोरोग विशेषज्ञ शामिल रहे।समिति के अध्यक्ष गुरपिंदर सिंह ने बताया कि यह शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 400 मरीजों की जांच कर परामर्श दिया गया। नेत्र रोगियों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं, वहीं मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का चयन कर उनके निःशुल्क ऑपरेशन हेतु गंगानगर स्थित टाटिया हॉस्पिटल में बुलाया गया है।
इस शिविर में कई प्रमुख अस्पतालों के डॉक्टरों ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं, जिनमें जन सेवा हॉस्पिटल (गंगानगर), टाटिया हॉस्पिटल (गंगानगर), एपेक्स हॉस्पिटल (हनुमानगढ़) औरो हॉस्पिटल (हनुमानगढ़) शामिल रहे। डेजर्ट रेडर्स वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने बताया कि समाज सेवा के क्षेत्र में यह एक और कदम है, जिससे आमजन को स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक किया जा सके और उन्हें आर्थिक रूप से राहत मिले। संगठन ने आगे भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की घोषणा की है। शिविर के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने डॉक्टरों एवं समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डेजर्ट रेडर्स वेलफेयर सोसाइटी हनुमानगढ़ के सदस्य जयदीप सिंह,गुरुप्रेम सिंह,लोकेंद्र सिंह,मान सिंह,सुखपाल सिंह आदि उपस्थित रहे और सेवा कार्य में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस सफल आयोजन ने न केवल जरूरतमंदों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी फैलाया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।