जरूरतमंद बच्चों को बांटी शिक्षण सामग्री

72

हनुमानगढ़। बाल दिवस के अवसर पर जरूरतमंद बच्चों की सहायता के उद्देश्य से राही सोशल वेलफेयर सोसाइटी, हनुमानगढ़ द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई। शुक्रवार 14 नवंबर 2025 को संस्था के अध्यक्ष योगेश कुमावत और सचिव जितेंद्र छापोला के नेतृत्व में समाजसेवी सदस्यों की टीम रा.उ.मा.वि. 22 एजी (रावतसर) पहुंची, जहां प्राइमरी सेक्शन के विद्यार्थियों को मनोरंजक एवं सीखने में सहायक शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों लखवीर सिंह, योगेश सुथार सहित अन्य स्वयंसेवक भी उपस्थित रहे। शिक्षण सामग्री वितरण का मुख्य उद्देश्य बच्चों में मोबाइल और टेलीविजन की बढ़ती निर्भरता को कम करना, उन्हें खेल-खेल में सीखने की ओर प्रेरित करना और ग्रामीण व जरूरतमंद विद्यार्थियों को नि:शुल्क, रुचिकर व उपयोगी शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराना था। संस्था द्वारा दी गई सामग्री में शिक्षण कार्ड, गतिविधि सामग्री, पजल्स तथा अन्य क्रियात्मक शिक्षण साधन शामिल थे, जिनसे बच्चों का बौद्धिक विकास तथा सीखने की क्षमता सुदृढ़ होगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजयपाल ने राही फाउंडेशन की इस पहल की दिल से सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग से बच्चों के अध्ययन स्तर में सुधार होता है और उनमें सीखने की रुचि बढ़ती है। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से संस्था के पदाधिकारियों और सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि समाज के सहयोग से शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर वृद्धि संभव है और राही फाउंडेशन का यह प्रयास बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्हें मिली नई शिक्षण सामग्री ने उनके उत्साह को और बढ़ा दिया। संस्था प्रतिनिधियों ने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक आदतें अपनाने का संदेश भी दिया। राही सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया, ताकि समाज के वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर सीखने के अवसर मिलते रहें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।