-नियमित जांच, नशा मुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली पर दिया गया जोर

165

हनुमानगढ़। गांव 2 केएनजे में बुधवार को एक व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित जांच कराने तथा नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्ग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नवनीत शर्मा रहे, जबकि जंक्शन थाना से गजेन्द्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजन समिति सदस्य एवं समाजसेवी रणवीर सिहाग ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां धनवंतरी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर की गई। इसके बाद स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए जागरूकता सबसे जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। डॉ. शर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि डॉक्टर की सलाह के बिना किसी भी दवा का सेवन न करें, क्योंकि इससे स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम और टीकाकरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
जंक्शन थाना से आए गजेन्द्र सिंह ने नशा मुक्ति पर जोर देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों को बर्बादी की ओर ले जाता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन भी नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है और आमजन को इसमें सहयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी रणवीर सिहाग ने कहा कि गांव स्तर पर ऐसे जागरूकता शिविर समाज के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य और नशा मुक्ति दोनों ही सामाजिक जिम्मेदारी हैं। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और सभी से स्वस्थ, स्वच्छ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया। इस मौके पर राजेंद्र सुथार, उत्तम नेहरा, डॉक्टर करतार गिल, सुभाष सिहाग, तरसेम शर्मा,दिदारसिह व अन्य ग्रामीण व महिलाएं मौजूद थी। विद्यालय के बच्चों व बच्चियों ने नशे के संबंध में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नशा मुक्त समाज का संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।