सशक्त नारी संस्थान ने रचा इतिहास, मिताली अग्रवाल की पहल – विधायक गणेशराज*

55
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित ‘होटल ग्रांड इन’ का सभागार वैसे तो वर्ष भर विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों से गुलजार रहता है, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सशक्त नारी संस्थान के बैनर तले आयोजित महिला सम्मान समारोह ने जैसे एक नया इतिहास रच दिया। ‘प्रतिष्ठा 2026’ नाम से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जिले भर की 101 महिला शख्सियतों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सम्मानित होने वाली 101 महिलाएं शिक्षा, चिकित्सा, समाजसेवा, प्रशासन, व्यवसाय, कला-संस्कृति और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी हुई थीं। इसके अलावा सशक्त नारी संस्थान की करीब चार दर्जन प्रतिनिधियों को भी उनके सामाजिक योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। करीब चार घंटे तक चले इस गरिमामय समारोह में मंच पर और सभागार में मौजूद हर चेहरे पर गर्व और संतोष की झलक साफ दिखाई दे रही थी। सम्मान प्राप्त करने वाली महिलाओं का कहना था कि उन्होंने कभी सम्मान की उम्मीद से अपने दायित्व नहीं निभाए। उनका उद्देश्य केवल अपने काम के माध्यम से समाज की सेवा करना रहा है।
अधिकांश महिलाओं ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हो रही है कि समाज उनके कार्यों को देख रहा है और उसका मूल्यांकन भी कर रहा है। उन्होंने सशक्त नारी संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष एडवोकेट मिताली अग्रवाल और उनकी पूरी टीम का तहे दिल से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस तरह के प्रेरणादायक मंच का निर्माण किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक गणेशराज बंसल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय ने की, जबकि राजस्थान आर्थिक परिषद के पूर्व अध्यक्ष डॉ. संतोष राजपुरोहित विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
अतिथियों ने कहा कि हनुमानगढ़ जिले के इतिहास में संभवतः पहली बार इतनी बड़ी संख्या में महिला शख्सियतों को एक साथ सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर महिलाओं का चयन करना आसान कार्य नहीं था, लेकिन इस मंच पर एक से बढ़कर एक प्रतिभाओं को देखकर सुखद अनुभूति हो रही है। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए सशक्त नारी संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष एडवोकेट मिताली अग्रवाल और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि जिस ऊर्जा और सोच के साथ संस्था की शुरुआत हुई है, उससे लगता है कि भविष्य में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में यह संस्था बड़े आयाम स्थापित करेगी।
मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि समाज में परिवर्तन की असली ताकत महिलाओं के पास होती है। जिस समाज की महिलाएं शिक्षित, आत्मनिर्भर और जागरूक होती हैं, वह समाज तेजी से प्रगति करता है। उन्होंने कहा कि आज हनुमानगढ़ में जिस तरह 101 महिलाओं को सम्मानित किया गया है, वह केवल एक समारोह नहीं बल्कि महिला शक्ति के प्रति समाज के सम्मान का प्रतीक है। इन महिलाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में जो कार्य किए हैं, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।
विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि महिलाएं परिवार की रीढ़ होती हैं और जब वही महिलाएं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व करती हैं तो विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार भी महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चला रही है, लेकिन असली बदलाव तब आता है जब समाज स्वयं आगे बढ़कर महिलाओं को सम्मान और अवसर देता है। उन्होंने सशक्त नारी संस्थान की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच महिलाओं को पहचान देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी दे रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय ने कहा कि महिला शक्ति के बिना समाज की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और यह बदलते समाज का सकारात्मक संकेत है।
तरुण विजय ने कहा कि सशक्त नारी संस्थान ने जिस तरह से जिले भर की महिलाओं को एक मंच पर लाकर उनका सम्मान किया है, वह वास्तव में प्रेरणादायक पहल है। इससे समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार होगा। उन्होंने कहा कि यह केवल सम्मान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।