-जरूरतमंदों को अब व्हील चेयर, ऑक्सीजन व अन्य मेडिकल उपकरण निशुल्क उपलब्ध होंगे – जिला कलक्टर ने भवन आवंटन का पत्र सौंपा
– दिनेश जुनेजा को मिली रेड क्रॉस चैयरमैन की जिम्मेदारी, बोले हर सरकारी स्कूल में लगेगे फर्स्ट एड़ निशुल्क प्रशिक्षण शिविर
हनुमानगढ़। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी हनुमानगढ़ द्वारा दीपावली स्नेह मिलन समारोह एवं मेडिकल इक्विपमेंट बैंक स्थापना कार्यक्रम का आयोजन सोसायटी कार्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेड क्रॉस सोसायटी हनुमानगढ़ के अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, विशिष्ट अतिथि उपाध्यक्ष एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नवनीत शर्मा तथा सेवानिवृत्त आईजी गिरीश चावला थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रेड क्रॉस के चैयरमैन डॉ. पी.सी. बंसल ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर की गई। इसके बाद मेडिकल इक्विपमेंट बैंक की स्थापना का रिबन काटकर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव व सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने रेड क्रॉस की मांग पर कैनाली कॉलोनी स्थित पुराने अस्पताल के खाली पड़े भवन को मेडिकल इक्विपमेंट बैंक हेतु आवंटित करने की घोषणा की। दोनों अधिकारियों ने इसका आवंटन पत्र रेड क्रॉस के चैयरमैन डॉ. पी.सी. बंसल, सचिव रामनिवास मांडण एवं कोषाध्यक्ष हरपाल गर्ग को सौंपा।
इस अवसर पर डॉ. पी.सी. बंसल ने कहा कि दीपावली के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा रेड क्रॉस सोसायटी को भवन उपलब्ध करवाना किसी उपहार से कम नहीं है। अब यह मेडिकल इक्विपमेंट बैंक उसी भवन में संचालित होगा। उन्होंने बताया कि इस बैंक के माध्यम से जरूरतमंदों को व्हील चेयर, ऑक्सीजन सिलेंडर, वेंटिलेटर, बैसाखी, बेड, नेब्युलाइजर जैसे चिकित्सा उपकरण निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। उपकरण लेने वाले व्यक्ति को गारंटी राशि के रूप में एक निश्चित धनराशि जमा करवानी होगी, जिसकी रसीद दी जाएगी। उपकरण वापसी पर यह पूरी राशि लौटा दी जाएगी। वहीं जो परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और गारंटी राशि जमा करने में असमर्थ हैं, उन्हें किसी जिम्मेदार व्यक्ति की अनुशंसा पर उपकरण दिए जाएंगे।
मुख्य अतिथि जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि रेड क्रॉस सोसायटी का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे उपकरण जो किसी के पास बेकार पड़े हैं, उन्हें समाज के हित में रेड क्रॉस को दान में दिया जाए, ताकि वे किसी अन्य जरूरतमंद के काम आ सकें। उन्होंने कहा कि प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा ताकि यह इक्विपमेंट बैंक जिले के प्रत्येक व्यक्ति के लिए सहारा बन सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































