स्वामी विवेकानन्द जयंती पर राष्ट्रीय युवा सप्ताह के तहत प्रदर्शनी जारी

88

– आईटीआई हनुमानगढ़ जंक्शन में व्यावसायिक कौशल दक्षता प्रदर्शनी का आयोजन
हनुमानगढ़। स्वामी विवेकानन्द जयंती के अवसर पर 12 से 17 जनवरी 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय युवा सप्ताह के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) हनुमानगढ़ जंक्शन में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक श्री गणेश राज बंसल रहे, जिन्होंने संस्थान परिसर में आयोजित व्यावसायिक कौशल दक्षता प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समारोह की अध्यक्षता राजकीय अधिवक्ता श्री प्रतापसिंह शेखावत ने की।
कार्यक्रम के तहत कौशल और निर्माण जगत के आराध्य भगवान विश्वकर्मा, ज्ञान की देवी माँ सरस्वती तथा युवाओं के चिर प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानन्द के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर संस्थान के अधिकारी, अनुदेशक, प्रशिक्षणार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक गणेशराज बंसल ने प्रशिक्षणार्थियों का आह्वान किया कि वे मन लगाकर प्रशिक्षण प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि आज के समय में व्यावसायिक कौशल ही आत्मनिर्भरता की सबसे बड़ी कुंजी है। कौशल के बल पर व्यक्ति जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी अपने परिवार का भली-भांति पालन-पोषण कर सकता है। उन्होंने युवाओं को तकनीकी शिक्षा के साथ अनुशासन और समर्पण को अपनाने की प्रेरणा दी।
उप निदेशक प्रशिक्षण जीतसिंह यादव ने प्रदर्शनी के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए संस्थान में संचालित विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
समूह अनुदेशक दीपक कुमार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेला, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना एवं सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए इन योजनाओं से युवाओं को मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रतापसिंह शेखावत ने स्वामी विवेकानन्द के आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानन्द के सिद्धांतों को अपनाकर अपने जीवन को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्थान के अनुदेशकों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने अतिथियों तथा निकटवर्ती विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं को उत्साहपूर्वक व्यावसायिक कौशल दक्षता प्रदर्शनी का अवलोकन करवाया और कौशल शिक्षा के महत्व को समझाया। प्रदर्शनी आगामी दिनों तक सुचारु रूप से संचालित रहेगी, जिसका विशेष रूप से विद्यालयी छात्र-छात्राओं द्वारा अवलोकन किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।