डिग्गियों की अनुदान राशि जारी नहीं होने पर किसान आक्रोशित

66

-6 मार्च को कृषि उपनिदेशक कार्यालय के घेराव की चेतावनी
हनुमानगढ़। संयुक्त किसान मोर्चा की प्रेस वार्ता जंक्शन स्थित गुरूद्वारा सिंघ सभा में आयोजित की गई, जिसमें किसानों की लंबित अनुदान राशि को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया गया। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष रेशम सिंह माणुका, संभाग सचिव रायसाहब मल्लड़खेड़ा, किसान नेता रघुवीर वर्मा सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। नेताओं ने बताया कि डिग्गियों के निर्माण पर मिलने वाली अनुदान राशि पिछले एक वर्ष से जारी नहीं की गई है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
किसान नेताओं ने कहा कि गत वित्तीय वर्ष में कृषि विभाग द्वारा किसानों पर मार्च माह तक डिग्गियां बनवाने का अनावश्यक दबाव बनाया गया था। विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया था कि मार्च 2025 तक अनुदान राशि किसानों के खातों में जमा कर दी जाएगी। किसानों ने विभाग के भरोसे पर कर्ज लेकर डिग्गियों का निर्माण कराया, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बावजूद उन्हें अब तक अनुदान नहीं मिला है। अब दूसरा वित्तीय वर्ष भी समाप्ति की ओर है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि किसानों ने डिग्गियों के निर्माण के लिए ब्याज पर धनराशि उठाई थी और आज तक वे उस पर ब्याज चुका रहे हैं। मौसम की मार, फसलों के नुकसान और बाजार में उचित दाम नहीं मिलने से पहले ही किसान परेशान है, ऐसे में सरकार द्वारा अनुदान राशि रोककर किसानों की स्थिति और अधिक खराब कर दी गई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।