– रास्ता खुलवाने की मांग को लेकर जिला कलक्टर को सौंपा प्रार्थना पत्र, 16 मार्च से आमरण अनशन की चेतावनी
हनुमानगढ़। तहसील क्षेत्र के गिरदावर हल्का/पटवार हल्का धोलीपाल स्थित चक 14 एमएमके और 15 एमएमके के काश्तकारों ने स्वीकृत आम रास्ता बंद किए जाने के विरोध में गुरुवार को जिला कलक्टर को प्रार्थना पत्र सौंपकर रास्ता खुलवाने की मांग की। किसानों का कहना है कि रास्ता बंद होने के कारण उन्हें अपने खेतों तक आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और खेती-बाड़ी के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
किसानों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि चक 14 एमएमके व 15 एमएमके के काश्तकारों की कृषि भूमि तक आने-जाने के लिए विभिन्न किलों में स्वीकृत आम रास्ता दर्ज है। यह रास्ता पिछले करीब 40 से 50 वर्षों से उपयोग में लिया जा रहा था और आसपास के किसान इसी मार्ग से अपने खेतों तक पहुंचते रहे हैं। लेकिन हाल ही में चक के कुछ काश्तकारों द्वारा निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए इस स्वीकृत रास्ते को जबरन बंद कर दिया गया है।
किसानों का आरोप है कि रास्ता बंद किए जाने से चक 14 एमएमके और 15 एमएमके के किसानों का अपने खेतों तक आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। वर्तमान में उन्हें खेतों तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक और अस्थायी रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे काफी समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है। साथ ही कृषि कार्यों के दौरान ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और फसल के आवागमन में भी गंभीर परेशानी आ रही है।
किसानों ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने पहले भी तहसीलदार को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। इस पर प्रशासन द्वारा केवल रास्ते की निशानदेही की कार्रवाई की गई, लेकिन इसके बावजूद आज तक रास्ता खुलवाने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































