– वोल्टेज कम आने से 15 ट्यूबवैल मोटरें जलीं, फसलें खराब होने का खतरा
हनुमानगढ़। गांव गुरूसर व आस-पास के क्षेत्र के किसानों ने गुरुवार को बिजली सप्लाई की लगातार खराब स्थिति से परेशान होकर हनुमानगढ़ स्थित एईएन कार्यालय का घेराव किया। आक्रोशित किसानों ने करीब दो घंटे तक एईएन को कार्यालय में बंधक बनाकर रखा और बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। किसानों का आरोप था कि पिछले कई दिनों से खेतों में लगी ट्यूबवैल पर 400 वोल्टेज की बजाय केवल 250 वोल्टेज की सप्लाई मिल रही है। इससे लगभग 15 ट्यूबवैल की मोटरें जल चुकी हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है और उनकी फसलें भी खराब होने लगी हैं।
किसानों ने बताया कि बार-बार फोन करने के बावजूद संबंधित एईएन, विभागीय कर्मचारी और जीएसएस कोहला का स्टाफ फोन तक नहीं उठा रहा था। पिछले एक वर्ष से कुछ बिजली के खंभे नीचे गिरे पड़े हैं, जिनकी मरम्मत तक नहीं की गई। स्थिति यह रही कि इन खंभों की चपेट में आने से किसानों की कुछ पालतू भेड़ें भी मौत का शिकार हो चुकी हैं। विभागीय लापरवाही से क्षुब्ध होकर किसानों को मजबूरन विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा।
करीब दो घंटे चले इस विरोध-प्रदर्शन के बाद किसानों और विभागीय अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। वार्ता में किसानों की प्रमुख मांगों पर आंशिक सहमति बनी। फीडर नं. 3 का समय बदला गया और उसका लोड कम करने के लिए विभाजित किया गया। मौके पर नया लाइनमैन नियुक्त किया गया और समस्त स्टाफ को निर्देशित किया गया कि किसानों के फोन कॉल का तुरंत जवाब देना अनिवार्य होगा।
किसानों ने कहा कि यदि आने वाले दिनों में बिजली सप्लाई की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ और विभाग अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ता रहा, तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।
इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) जिलाध्यक्ष रेशम सिंह माणुका, संदीप कंग, बूटा सिंह, जीवन सिंह मान, रविन्द्र सिंह, अंग्रेज सिंह, साहब सिंह, कुलदीप जाखड़, राजू जाखड़, सैनी गोदारा, अजय गोदारा, जलंधर सिंह, गुरध्यान ढिल्लो, अमनदीप मान, निर्मल मान, राम सिंह, खुशदीप सिंह, काला सिंह, सुंदर सिंह मान सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































