एमएसपी पर खरीदी की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन

128

हनुमानगढ़। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनैतिक) एवं खेती बचाओ किसान बचाओ मोर्चा (बीकेयू एकता सिधूपूर) के बैनर तले सोमवार को किसानों ने इंदरजीत सिंह के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने मुख्य रूप से एमएसपी पर फसल खरीदी की मांग उठाई।
किसानों ने कहा कि हर वर्ष मंडियों में अपनी फसल बेचने के बाद उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ता है। सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कभी खरीदी नहीं होती और व्यापारियों द्वारा कम भाव में खरीदारी की जाती है। इसके कारण किसान कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं, कई किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया कि नहरों का पानी जरूरत के समय उपलब्ध नहीं कराया जाता, नकली बीज-खाद-कीटनाशक बेचे जाते हैं और किसान आर्थिक रूप से टूटते जा रहे हैं।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार रखी गईं— धान, बाजरा, मूंग और नरमा की फसलें सरकार द्वारा घोषित एमएसपी पर खरीदी जाएं, हनुमानगढ़ जिले की तहसीलें संगरिया, टिब्बी और पीलीबंगा में धान की सरकारी खरीद शुरू की जाए, नहरों का पानी समय पर दिया जाए, नकली खाद-बीज बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो, किसानों का सम्पूर्ण कर्ज माफ किया जाए, कर्ज के कारण आत्महत्या करने वाले किसानों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की सहायता दी जाए, मनरेगा को खेती से जोड़ा जाए तथा स्पिनिंग मिल दोबारा शुरू कर कोहला फार्म के पास शुगर मिल स्थापित की जाए।
इसी क्रम में किसानों ने जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ को भी ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया गया कि टिब्बी तहसील की चक 10 और 11 सीडीआर क्षेत्र में 40 वर्षों से चला आ रहा रास्ता कुछ व्यक्तियों द्वारा बंद कर अस्थायी कमरा बनाकर अवरुद्ध कर दिया गया है। इस कारण ढाणीवासी व काश्तकारों के साथ छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। बारिश के दिनों में खेतों में पानी भरने से बच्चों की शिक्षा बाधित हो रही है। किसानों ने रास्ता तुरंत खुलवाने और अवरोध हटाने की मांग की।
इंदरजीत सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं लेकिन प्रशासन और सरकार समाधान नहीं कर रही। यदि एमएसपी पर खरीदी सुनिश्चित नहीं हुई और अन्य मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर इंद्रजीत सिंह पानीवाला गगनदीप कौर भ अरविंद राठौड़  अमरजीत सिंह कुलविंदर सिंह प्यार सिंह दर्शन सिंह गुरनाम सिंह भजन सिंह महावीर सहारण सुभाष टाक नरेंद्र झोरड़ शेखर झोरड़ बलवीर सिंह राठौड़ मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।