किसान बोले- एथेनॉल फैक्ट्री हटने तक जारी रहेगा आंदोलन

112
टिकैत बोले- ट्रैक्टर के बंपर मजबूत रखो, अब 7 जनवरी को संगरिया में जुटेंगे
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित धान मंडी में एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में आयोजित महापंचायत में किसानों ने भाजपा सरकार पर आम आदमी की जमीन, हवा और पानी छीनने का आरोप लगाया। उन्होंने फैक्ट्री हटने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। बुधवार को आयोजित सभा को राकेश टिकैत, जोगेन्द्र सिंह आग्रोहा, पूर्व विधायक बलवान पूनिया, किसान नेता रेशम सिंह माणुका, मंगेज चौधरी, रायसाहब मल्लड़खेड़ा, रघुवीर वर्मा, जगजीत सिंह जग्गी, मदन दुर्गेसर, रवि जोसन, नितिन ढाका, बलजिंद्र सिंह, संदीप मान, मान सिंह, संदीप, गगनदीप, सुभाष गोदारा और रविंद्र सिंह ने संबोध्तिा किया।
वहीं, किसान नेता राकेश टिकैत ने आंदोलनकारियों से ट्रैक्टर के बंपर मजबूत रखने को कहा। बोले- समय आने पर यही काम आएंगे। महापंचायत में राजस्थान के साथ पंजाब और हरियाणा से भी बड़ी संख्या में किसान पहुंचे थे। हालांकि प्रशासन से 2 घंटे चली बातचीत के बाद आज की महापंचायत को संपन्न कर दिया गया है। अब 7 जनवरी को संगरिया में महापंचायत होगी।
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि टिब्बी में ड्यून एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की फैक्ट्री के मामले में कहा जा रहा है कि इससे विकास होगा, नौकरी मिलेगी। कहते हैं कि आप विकास का विरोध कर रहे हैं। उन्हें यही कहना है कि जहां फैक्ट्री लगेगी वहां जमीन, हवा और पानी दूषित होगा। फैक्ट्री शुरू हो गई तो प्रशासन को दूषित पानी दिखाते रहना। ये 14 फैक्ट्री के बराबर है। इसलिए टिब्बी की संघर्ष कमेटी जो फैसला लेगी, संयुक्त किसान मोर्चा उनके साथ है। उन्होंने कहा कि यूपी में ऐसा मामला हुआ। मुजफ्फरनगर में गुरुद्वारा की जमीन हाईवे के रास्ते में आ रही थी। वहां झंडा लगा दिया। सरकार को सड़क का रास्ता बदलना पड़ा। यहां भी झंडा गाड़ दो कि एक किलोमीटर के घेरे में जो ट्रक आएगा वो वापिस नहीं जाएगा। ट्रक नहीं आएगा तो फैक्ट्री का सामान कहां जाएगा।
प्रशासन 144 लगाता है तो किसान भी उससे दोगुनी धारा लगाएगा। अब फैसला संघर्ष समिति को लेना है। संयुक्त किसान मोर्चा संघर्ष कमेटी के साथ है। अभी तो बीज कानून के खिलाफ भी लड़ाई लड़नी पड़ेगी। सरकार जमीन छीनना चाहती है। परिवारों को सरकार बांट रही है। इसके खिलाफ लड़ना है। यहां के कलेक्टर ने ट्रैक्टर को हथियार बताया, उनका धन्यवाद। मैं तो कहता हूं कि ट्रैक्टर के बंपर मजबूत रखो। आंदोलन में यही काम आएगा। प्रशासन भले ही रोके लेकिन जहां जाओ ट्रैक्टर लेकर जाओ। आंदोलन में तो ट्रैक्टर जरूर लेकर जाना।
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव का संदेश लेकर सभा स्थल पर यूअरईटी श्रीगंगानगर के सचिव अशोक असीजा, सीनियर आरएएस अधिकारी भवानी सिंह पंवार, संगरिया एसडीएम जय कौशिक और टिब्बी एसडीएम सत्यनारायण सुथार महापंचायत स्थल पहुंचे और किसान नेताओं को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद किसानों का प्रतिनिधिमंडल कलक्टर कार्यालय के लिए रवाना हुआ।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।