महिला एपेक्स क्लब ने राजकीय बालिका विद्यालय को भेंट किए कुर्सियां व अन्य सामग्री

156

– बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित कर किया प्रोत्साहित, शिक्षा उन्नयन में महिला क्लब का सराहनीय योगदान
हनुमानगढ़ 
टाउन स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आज महिला एपेक्स क्लब द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला एपेक्स क्लब की ओर से विद्यालय के लिए प्लास्टिक की कुर्सियों सहित अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महिला एपेक्स क्लब की संरक्षक श्रीमती रेनू सोंधी थीं। साथ ही क्लब की अध्यक्ष सुषमा बेद, सचिव पूजा जैन एवं सदस्य सुनीता वर्मा भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या अनीता शर्मा ने की। इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं छात्राओं ने महिला एपेक्स क्लब के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। प्रधानाचार्या अनीता शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि समाजसेवी संगठनों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किया जाने वाला सहयोग वास्तव में प्रेरणादायक है और इससे विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करने में मदद मिलती है। क्लब की सचिव पूजा जैन ने बताया कि महिला एपेक्स क्लब समय-समय पर विद्यालयों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुसार सामग्री उपलब्ध कराता है। साथ ही विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियों का आयोजन भी किया जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों का वास्तविक हथियार है और उन्हें बेहतर सुविधाएं देकर ही उनका भविष्य उज्जवल बनाया जा सकता है। इस अवसर पर विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास की नई ऊर्जा का संचार हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ और छात्राओं ने महिला एपेक्स क्लब के प्रति आभार व्यक्त किया। महिला एपेक्स क्लब की इस पहल को उपस्थित अभिभावकों व शिक्षकों ने भी सराहा। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से न केवल विद्यालय की भौतिक सुविधाओं में सुधार होता है, बल्कि विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने का एक सकारात्मक माहौल भी तैयार होता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या अनीता शर्मा ने महिला एपेक्स क्लब की सभी सदस्याओं को धन्यवाद देते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे सार्थक और प्रेरणादायक प्रयास जारी रहेंगे, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आते रहेंगे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।