बरसात से ढहे सैकड़ों मकान, पीड़ितों को मुआवजा दिलाने की उठी मांग
हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत मक्कासर के सैकड़ों ग्रामीणों ने शनिवार को प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा, जिला हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंप कर हाल ही में हुई भारी बरसात से हुए व्यापक नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की। सरपंच बलदेव मक्कासर के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब दो माह से लगातार हो रही तेज बरसात के कारण गांव के सैकड़ों घरों में पानी घुस आया। हालात इतने गंभीर हो गए कि कई घरों में 5 से 7 फुट तक पानी भर गया, जिससे लोग बड़ी मुश्किल से घरों से बाहर निकल पाए।
ज्ञापन में बताया गया कि पानी भरने से अनेक मकानों में दरारें पड़ गई हैं जबकि कई मकान पूर्णतया ढह चुके हैं। जिन मकानों में दरारें आई हैं वे अब रहने योग्य नहीं बचे हैं और उन्हें तोड़कर नए सिरे से बनाना ही एकमात्र विकल्प है। ऐसे में मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले परिवारों के लिए नए मकान बनवाना या क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत करवाना संभव नहीं है। बरसात से प्रभावित परिवार आज भी ग्राम पंचायत द्वारा बनाए गए अस्थाई कैम्पस में शरण लिए हुए हैं और बेहद कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा राहत और पुनर्वास की त्वरित व्यवस्था करना जरूरी है ताकि पीड़ित परिवार अपने घरों में दोबारा बस सकें। उन्होंने यह भी कहा कि जिन परिवारों का सब कुछ इस बरसात में नष्ट हो गया है, उनके लिए मुआवजा ही एकमात्र सहारा है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मांग की कि सरकार मक्कासर गांव में बरसात से हुए नुकसान का सर्वे करवाकर प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराए, ताकि वे अपने टूटे-फूटे मकानों को फिर से बनाकर सुरक्षित जीवन बिता सकें। इस मौके पर सरपंच बलदेव मक्कासर, जगदीश वार्ड पंच, जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर, डीवाईएफआई जिला सचिव वेद मक्कासर, माकपा नेता रघुवीर वर्मा सुभाष मक्कासर, सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































