रामविलास पासवान की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित, विचारधारा को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

205

सुखदीप कौर को पीलीबंगा महिला मोर्चा तहसील अध्यक्ष नियुक्त किया गया
हनुमानगढ़। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के संस्थापक व केंद्रीय मंत्री रहे स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को हनुमानगढ़ जंक्शन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा के साथ नमन किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रभारी मदनलाल मेघवाल के नेतृत्व में किया गया।
जिला प्रभारी मेघवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि रामविलास पासवान एक दूरदर्शी, समाजवादी और जनहितैषी नेता थे, जिन्होंने हमेशा वंचित, शोषित और दलित वर्गों की आवाज को बुलंद किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए पासवान जी ने सामाजिक समरसता, समानता और न्याय के लिए जीवनभर संघर्ष किया। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलकर पार्टी को मजबूत करना है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।
इस अवसर पर पार्टी द्वारा संगठनात्मक विस्तार करते हुए पीलीबंगा की नवनियुक्त महिला मोर्चा तहसील अध्यक्ष के रूप में सुखदीप कौर की नियुक्ति की गई। मेघवाल ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपते हुए विश्वास जताया कि वे महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में पार्टी की नीति और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम में हनुमानगढ़ महिला मोर्चा तहसील अध्यक्ष सुखपाल कौर, लोजपा तहसील अध्यक्ष कालेखान, तहसील अध्यक्ष सुलखन सिंह, वरिष्ठ कार्यकर्ता नंद किशोर पप्पी, सुमेर सिंह, तीर्थराम, निशान सिंह, दशमेश सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।