शिक्षक दिवस पर पूर्व शिक्षकों का किया सम्मान

199

– आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुआ भव्य आयोजन, बच्चों ने लगाए स्टॉल
हनुमानगढ़। शिक्षक दिवस के उपलक्ष में 4 सितंबर 2025 को यस बैंक की ओर से आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर 11A में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समाज में शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान देने वाले पूर्व प्रधानाचार्य सुनीता यादव, रमेश कुमार, दिलीप सिंह लिंबा, जयलाल मुखर्जी, कमल भाटी, जयपाल चौधरी, सीमा मीढ़ा, श्रीमती शल्य भामा त्रिपाठी, किरण यादव, ओमप्रकाश बिश्नोई, नरेंद्र कुमार, संतोष यादव, सोनम गोयल, नितेश कुमार और काशीराम बारूपाल को विशेष तौर पर मंच पर सम्मानित किया गया।
इस सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि बेबी हैप्पी शिक्षा समिति के अध्यक्ष भगवानदास गुप्ता तथा यस बैंक शाखा प्रबंधक सुखदेव सिंह पंछी रहे। अतिथियों ने शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। उनके मार्गदर्शन के बिना शिक्षा अधूरी है और समाज की प्रगति भी असंभव है।
इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर आकर्षक स्टॉल लगाए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा। स्टॉल के माध्यम से विद्यार्थियों ने रचनात्मकता और नवाचार की झलक पेश की। यस बैंक के सहायक बैंकर गुरविंदर सिंह ने कार्यक्रम में भाग लेते हुए बैंकिंग सुविधाओं के बारे में जानकारी साझा की, वहीं एक्सिस बैंक लाइफ इंश्योरेंस के सहायक प्रबंधक राजवीर सिंह ने जीवन बीमा और उसकी महत्ता पर प्रकाश डाला।
शाखा प्रबंधक सुखदेव सिंह पंछी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक सिर्फ ज्ञान देने वाले ही नहीं बल्कि विद्यार्थियों को सही दिशा दिखाने वाले पथप्रदर्शक होते हैं। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने शिक्षकों का सम्मान करें और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मक योगदान दें।
कार्यक्रम के अंत में आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल के व्यवस्थापक रामस्वरूप भाटी ने सभी अतिथियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षक दिवस सिर्फ सम्मान का अवसर नहीं बल्कि शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है।
इस प्रकार शिक्षक दिवस का यह आयोजन शिक्षकों के योगदान को यादगार बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में सीखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा छोड़ गया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।