-डॉ. अजय जुनेजा और डॉ. जतिन आसेरी ने दी सेवाएं, सैकड़ों लोगों ने कराई जांच
हनुमानगढ़। जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से श्यामलाल सेतिया चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा मंगलवार को जंक्शन स्थित शर्मा नर्सिंग होम में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षणों का लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा मां धन्वंतरि के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात चिकित्सकों ने आमजन को स्वास्थ्य जांच और नियमित उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी। ट्रस्ट के निदेशक विपिन सेतिया ने बताया कि “संस्था का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति सजग करना और जरूरतमंद लोगों को निशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है।” उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनते हैं।
शिविर में जनरल फिजिशियन डॉ. अजय जुनेजा और चर्म, यौन एवं कुष्ठ रोग विशेषज्ञ डॉ. जतिन आसेरी ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। दोनों चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया और जीवनशैली सुधारने के सुझाव भी दिए। शिविर में थायराइड, शुगर, बीपी, फेफड़ों से संबंधित बीमारियों की जांच निशुल्क की गई। इसके साथ ही ट्रस्ट की ओर से आवश्यक दवाइयों का वितरण भी बिना किसी शुल्क के किया गया।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बुजुर्ग जांच करवाने पहुंचे। डॉक्टरों की टीम ने प्रत्येक मरीज की बीमारी का विस्तार से अध्ययन कर उन्हें उचित दवा और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए। चिकित्सकों ने बताया कि मौसम में बदलाव के समय नियमित जांच और संतुलित आहार अपनाना बेहद जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































