व्यापार मण्डल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में फ्रेशर स्वागत समारोह सम्पन्न

120

मिस फ्रेशर शाहीना बनीं, छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता मन
हनुमानगढ़ टाउन। व्यापार मण्डल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को नवप्रवेशित छात्राओं के अभिनंदन एवं आशीर्वाद समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन द्वारा हुआ। दीप प्रज्ज्वलन प्राचार्या डॉ. नीलम गौड़, प्रधानाचार्य डॉ. संजू गाड़िया, राजेन्द्र जोशी, व्याख्याता सुधीर चौधरी, हनुमान प्रसाद, डॉ. मोनिका राठौड़ एवं श्रीमती अनु मुंजाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन छात्रा गगनदीप कौर एवं समनदीप कौर ने बेहतरीन ढंग से किया। समारोह में नवप्रवेशित छात्राओं ने आकर्षक एवं विविधतापूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें नृत्य, गीत एवं मंच प्रस्तुति शामिल रही। पूरे कार्यक्रम में छात्राओं का उत्साह देखते ही बनता था। निर्णयक मंडल में प्रधानाचार्य श्रीमती संजू गाड़िया तथा व्याख्याता श्रीमती संतोष ने अपनी भूमिका निभाई। प्रस्तुतियों के आधार पर बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा शाहीना को “मिस फ्रेशर” के खिताब से सम्मानित किया गया। उनके चयन पर उपस्थित छात्राओं ने हर्ष व्यक्त किया। समारोह को संबोधित करते हुए वी.एम. गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्या डॉ. नीलम गौड़ ने प्रथम सेमेस्टर में नवप्रवेशित छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सकारात्मक वातावरण तथा सर्वांगीण विकास के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास को जीवन का मूलमंत्र बनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय का संपूर्ण स्टाफ उपस्थित रहा तथा सभी ने आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। समारोह के समापन पर छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। आयोजन ने छात्राओं में नए सत्र के प्रति उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।