-भक्तिमय माहौल में गणपति बप्पा का विसर्जन, अगले बरस जल्दी आने की लगाई गुहार
हनुमानगढ़। स्वर्णकार समाज समिति एवं मराठा मण्डल की ओर से जंक्शन रेलवे स्टेशन रोड स्थित बालाजी मंदिर में चल रहे 16वें गणेश महोत्सव का समापन शनिवार को हर्षोल्लास और श्रद्धा के बीच हुआ। समापन अवसर पर गणपति बप्पा की भव्य महाआरती आयोजित की गई, जिसमें शहरवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मंदिर प्रांगण भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा और गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों से माहौल गगनभेदी हो गया।
महाआरती के बाद गणपति बप्पा की भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और डीजे की धुनों के बीच ढोल-नगाड़ों की ताल पर श्रद्धालु थिरकते हुए बप्पा के जयकारे लगाते रहे। विसर्जन यात्रा बालाजी मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गंगनहर पर पहुंची। वहां पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधिविधान के साथ गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालु भावुक भी हुए और बप्पा से अगले वर्ष पुनः जल्दी आने की प्रार्थना की।
समापन समारोह में समाज के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समिति संरक्षक सुभाष सोनी और सुरेंद्र सोनी ने कहा कि यह महोत्सव केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं है, बल्कि समाज में एकता और भाईचारे का संदेश भी देता है। उपाध्यक्ष मनीष जांगिड़ ने बताया कि 11 दिनों तक आयोजित महोत्सव के दौरान प्रतिदिन भक्ति संगीत, आरती और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर समिति के सचिव एडवोकेट दीपक सोनी, कोषाध्यक्ष अनिल मराठा, सहसचिव बिट्टू सोनी, प्रचार मंत्री अमन सोनी सहित सागर सोनी, सुधीर जांगिड़, राकेश जांगिड़, राजा सोनी, लक्ष्मण सोनी, जितेंद्र बेदी, छिंदा, हर्ष सोनी, विष्णु और विक्की सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। सभी ने मिलकर विसर्जन यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लिया और उत्सव को सफल बनाने में सहयोग दिया।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































