हनुमानगढ़। टाउन में स्वर्णकार सभा समिति एवं मराठा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष 35वां श्री गणेश महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सोनी मार्केट स्थित पांडाल में प्रतिदिन प्रातः और सायं आरती के साथ विशेष पूजा-अर्चना हो रही है। छठे दिन की पूजा-अर्चना का दायित्व बाबू मराठा, रियांश मराठा, पाण्ठे मराठा और संम्पत मराठा परिवार ने निभाया। इस अवसर पर पंडित राकेश पांडे और मुकेश पांडे ने वेद-मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधानपूर्वक श्री गणपति की पूजा संपन्न करवाई। पूजा में स्वर्णकार सभा समिति, मराठा मंडल और नगर के अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गणपति बप्पा से मंगलकामनाएं कीं।
शोभायात्रा और विसर्जन की तैयारियां तेज
समिति अध्यक्ष मुरलीधर सोनी ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन आरती और पूजा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि 3 सितम्बर को विशाल जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्ति गीतों और भजन संध्या से वातावरण भक्तिमय बनेगा। वहीं 5 सितम्बर, शुक्रवार को गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इस अवसर पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गंगानगर रोड स्थित नहर तक पहुंचेगी। शोभायात्रा में बैंड-बाजे, झांकियां और भक्तगण शामिल होकर आयोजन को विशेष बनाएंगे। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर गणेश महोत्सव की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































