गोकुल पतंजलि वैलनेस का योग एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित

137

– महाराजा अग्रसैन भवन में निःशुल्क परामर्श, 18 जनवरी को टाउन में होगा अगला शिविर
हनुमानगढ़। 
पतंजलि वैलनेस  व गोकुल हेल्थकेयर चौटाला के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को जंक्शन स्थित महाराजा अग्रसैन भवन में योग एवं स्वास्थ्य शिविर तथा निःशुल्क परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई और आयुर्वेदिक उपचार व योग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
शिविर के अंतर्गत वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. मंगेश संत, आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. ऊर्जा सचदेवा, फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. मानसी सिन्हा एवं योगाचार्य अभिषेक पांडेय ने उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने रोगियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनकी जांच की तथा आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही सभी को नियमित योग अपनाने का आह्वान किया गया।
योग प्रशिक्षकों ने लाभार्थियों को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के उपाय बताए। शिविर में विशेष रूप से सायटिका, सर्वाइकल, कब्ज, जोड़ों के दर्द एवं अन्य शारीरिक समस्याओं के निदान हेतु विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। उपस्थित लोगों को बताया गया कि नियमित योग अभ्यास से न केवल रोगों से बचाव संभव है, बल्कि मानसिक शांति एवं ऊर्जा में भी वृद्धि होती है।
चिकित्सकों ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में आयुर्वेद और योग दोनों ही संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। बिना दुष्प्रभाव के आयुर्वेदिक उपचार शरीर की प्राकृतिक रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है, जबकि योग से शरीर, मन और आत्मा में संतुलन बना रहता है।
आयोजन समिति के प्रबंधक जयदीप जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में अगला योग एवं स्वास्थ्य शिविर 18 जनवरी 2026 को हनुमानगढ़ टाउन में आयोजित किया जाएगा। यह शिविर बिश्नोई धर्मशाला, सरकारी अस्पताल के नजदीक दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक लगाया जाएगा, जिसमें टाउन क्षेत्र के नागरिक निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं योग प्रशिक्षण का लाभ ले सकेंगे। शिविर में आए लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक उपयोगी प्रयास बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की मांग की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।