– ज्योत के साथ हुआ प्रवेश, ‘हर घर नेजा’ संकल्प के साथ गूंजे जयकारे
हनुमानगढ़। रविवार को श्री बाबा रामदेव धाम हनुमानगढ़ में आस्था और श्रद्धा का अनुपम दृश्य देखने को मिला, जब श्री रुणिचा धीश बाबा रामदेव धाम से निकली पैदल ध्वजा यात्रा ज्योत के साथ धाम परिसर में पहुंची। यात्रा के प्रवेश के दौरान भक्तों ने पुष्पवर्षा कर और जयकारों के साथ भव्य स्वागत किया। “जय बाबा री” और “रामदेव जी की जय” के नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
यात्रा का मुख्य उद्देश्य “हर घर नेजा, बाबा का साजा” संकल्प के साथ प्रत्येक घर में नेजा स्थापित कर भक्तों के कष्टों का निवारण और सुख-समृद्धि की कामना करना बताया गया। श्रद्धालुओं ने हाथों में ध्वजाएं लेकर पैदल यात्रा में भाग लिया और पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन करते हुए बाबा का गुणगान किया।
धाम पहुंचने पर बाबा रामदेव जी की विधिवत पूजा-अर्चना पंडित भंवर लाल जोशी एवं पुजारी रतिराम जी द्वारा संपन्न करवाई गई। वैदिक मंत्रोच्चार और आरती के बीच भक्तों ने श्रद्धा से शीश नवाया। ज्योत प्रज्वलन के साथ विशेष मंगलकामनाएं की गईं और क्षेत्र में सुख-शांति की प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर पुजारी रतिराम जी, पंडित भंवर लाल जोशी, अभिषेक नेतराम जी, मोनू, गुरु साहिल मेहरा, राजू, युवी, अरुण, यतींद्र गुप्ता, हरिकिशन, अशोक पुरोहित, संदीप, अनिल एवं आदराम जी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही, जिन्होंने व्यवस्था संभालने में सक्रिय सहयोग दिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































